कोतवाली पुलिस की दोहरी बड़ी कार्रवाई, 1.60 लाख की अवैध शराब व 12 लाख की कार जब्त

0

कोतवाली पुलिस की दोहरी बड़ी कार्रवाई, 1.60 लाख की अवैध शराब व 12 लाख की कार जब्त
कटनी।। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन शिकंजा के तहत कोतवाली पुलिस ने एक ही रात में दो बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। पुलिस ने कुल 270 लीटर देशी शराब कीमत करीब 1.60 लाख रुपए एवं 12 लाख रुपए की लग्जरी एर्टिगा कार जब्त कर बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
अल्फर्टगंज में घर की बाड़ी से शराब का जखीरा बरामद
मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने अल्फर्टगंज क्षेत्र में दबिश दी, जहां आरोपी सत्यम जायसवाल 29 वर्ष के घर की बाड़ी में छिपाकर रखी गई 135 लीटर देशी शराब कीमत 80 हजार रुपए बरामद की गई। तलाशी के दौरान 15 कार्टून में कुल 750 पाव शराब मिले। आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ विभिन्न थानों में 13 मामले दर्ज हैं।
एर्टिगा कार से शराब तस्करी, एक आरोपी फरार
इसी रात बैलट घाट क्षेत्र में पुलिस ने एक संदिग्ध एर्टिगा कार MP 21 ZG 7198 को घेराबंदी कर पकड़ा। पुलिस को देखते ही ड्राइवर पवन पाठक मौके से फरार हो गया, जबकि एक विधि उल्लंघनकारी बालक को पकड़ लिया गया।
कार की तलाशी लेने पर उसमें भी 135 लीटर देशी शराब कीमत 80 हजार रुपए रखी मिली। पुलिस ने शराब के साथ 12 लाख रुपए कीमत की कार जब्त कर ली है। फरार आरोपी की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में कोतवाली थाना एवं खिरहनी चौकी की संयुक्त टीम ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। कोतवाली पुलिस की इस दोहरी कार्रवाई ने स्पष्ट कर दिया है कि ऑपरेशन शिकंजा के तहत अवैध शराब कारोबारियों के लिए अब कोई जगह नहीं बची है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed