महापौर के निर्देशों से मौके पर मिला समाधान जनसंवाद से मिला जनविश्वास….जनसुनवाई में गूंजा जनसमर्थन, 28 मामलों में तेज पहल समस्याओं पर त्वरित निर्णय
महापौर के निर्देशों से मौके पर मिला समाधान
जनसंवाद से मिला जनविश्वास….जनसुनवाई में गूंजा जनसमर्थन, 28 मामलों में तेज पहल समस्याओं पर त्वरित निर्णय
कटनी।। नगर निगम में आयोजित महापौर जनसुनवाई अब शहर की राजनीति और प्रशासनिक कार्यशैली का एक सशक्त केंद्र बनती जा रही है। मंगलवार, 7 अप्रैल को आयोजित जनसुनवाई में जिस तरह बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति और उनके बीच महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी के प्रति विश्वास देखने को मिला, उसने यह स्पष्ट कर दिया कि शहर की जनता अब सीधे संवाद और त्वरित समाधान की राजनीति को समर्थन दे रही है। जनसुनवाई में कुल 28 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें पेयजल, जलभराव, सड़कों की बदहाल स्थिति, स्वच्छता व्यवस्था, अतिक्रमण और शासकीय योजनाओं के लाभ से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं। महापौर श्रीमती सूरी ने हर एक आवेदन को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों में मौके पर ही अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए, जिससे तत्काल समाधान की प्रक्रिया शुरू हो गई। कुछ मामलों में तो नागरिकों को उसी समय राहत भी मिल गई, जिससे जनसुनवाई का प्रभाव स्पष्ट रूप से नजर आया। महापौर का स्पष्ट और सख्त संदेश रहा कि जनता की समस्याओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदनों का निराकरण तय समयसीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए और लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा की जाए। साथ ही फील्ड स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और आमजन से सीधे संवाद बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।
राजनीतिक दृष्टि से देखा जाए तो यह जनसुनवाई महज एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि जनसमर्थन को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम भी बनती जा रही है। लगातार हो रही ऐसी बैठकों से जहां एक ओर प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही में वृद्धि हो रही है, वहीं दूसरी ओर महापौर सूरी की सक्रिय कार्यशैली और जनहितैषी छवि को भी मजबूती मिल रही है। जनसुनवाई के माध्यम से नगर निगम प्रशासन और जनता के बीच की दूरी कम होती नजर आ रही है। यही कारण है कि अब आम नागरिक अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इस मंच पर भरोसा जता रहे हैं और महापौर के नेतृत्व में त्वरित कार्रवाई की उम्मीद भी कर रहे हैं।