पहाड़ के नीचे दफन राज. रीठी से पटना तक चला पुलिस का ऑपरेशन.बिहार से दबोचे गए दरिंदे….1000 किमी दूर छिपे आरोपी भी नहीं बचे….रीठी मर्डर मिस्ट्री को पुलिस नें सुलझाया 5 आरोपी गिरफ्तार
पहाड़ के नीचे दफन राज. रीठी से पटना तक चला पुलिस का ऑपरेशन.बिहार से दबोचे गए दरिंदे….1000 किमी दूर छिपे आरोपी भी नहीं बचे….रीठी मर्डर मिस्ट्री को पुलिस नें सुलझाया 5 आरोपी गिरफ्तार
कटनी।। जिले के रीठी थाना क्षेत्र में हुए एक जघन्य हत्याकांड ने पूरे इलाके को दहला दिया। पुरानी रंजिश की आग में सुलगते विवाद ने 12 मार्च 2026 को खूनी रूप ले लिया, जब पारधी डेरे में एक व्यक्ति को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया गया। सूचना के अनुसार, मेहराज पारधी, टन्नी पारधी, कलवा पारधी, जबल पारधी और उनके साथियों ने सुनियोजित तरीके से उन्हत्तर पारधी को ऑटो से उतारा। इसके बाद चाकू और बका से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने की नीयत से शव को बूढ़ा पहाड़ के नीचे एक गड्ढे में फेंक दिया। मानो यह वारदात कभी सामने ही न आए। हत्या के तुरंत बाद आरोपी अपने पूरे पारधी डेरे के साथ अज्ञात स्थान पर फरार हो गए। पुलिस के लिए यह मामला किसी पहेली से कम नहीं था ना कोई सुराग, ना कोई ठिकाना। पुलिस की सूझबूझ….लगातार दबिश और मुखबिर तंत्र के जरिए अहम सुराग मिला आरोपी बिहार के पटना जिले में छिपे हैं। पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए बिहार के लिए कूच किया। स्थानीय स्तर पर गुप्त जानकारी जुटाई गई और फिर रचा गया एक सटीक ऑपरेशन। कई दिनों की निगरानी और प्लानिंग के बाद पुलिस ने आरोपियों की घेराबंदी की। काफी मशक्कत के बाद मेहराज पारधी, टन्नी पारधी, अजूबा पारधी, ओकीन पारधी और सोजन पारधी को दबोच लिया गया।
पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
घटना 12 मार्च 2026 की है, जब डिजाईन बाई ने सूचना दी कि ग्राम बूढ़ा ललितपुर निवासी मेहराज पारधी, टन्नी पारधी सहित अन्य लोगों ने पुरानी दुश्मनी के चलते उसके पति उन्हत्तर पारधी को ऑटो से उतारकर अगवा कर लिया। बाद में आरोपियों ने चाकू और बका से बेरहमी से हत्या कर शव को पहाड़ के नीचे गड्ढे में फेंक दिया। घटना के बाद आरोपी पूरे पारधी कबीले के साथ डेरा छोड़कर फरार हो गए थे। पुलिस ने लगातार दबिश दी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच सूचना मिली कि आरोपी बिहार के पटना में छिपे हैं।
इस पर तत्काल विशेष टीम गठित कर बिहार भेजी गई जहां पुलिस ने गोपनीय तरीके से घेराबंदी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों को बिहार न्यायालय में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर कटनी लाया गया, जहां उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त 2 चाकू, 1 बका, 1 डंडा और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मोहम्मद शाहिद सहित रीठी थाना स्टाफ एवं साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए इसे बड़ी उपलब्धि बताया है।