प्रबंध संचालक की अध्यक्षता मे बिजली विभाग की समीक्षा आयोजित राजस्व वसूली, योजनाओं सहित सेवाओं में सुधार के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश
प्रबंध संचालक की अध्यक्षता मे बिजली विभाग की समीक्षा आयोजित
राजस्व वसूली, योजनाओं सहित सेवाओं में सुधार के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश
कटनी।। मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, जबलपुर के प्रबंध संचालक अजय गुप्ता ने वृत्त कार्यालय सभागार में विद्युत विभाग के विभिन्न संभागों की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। बैठक में कंपनी मुख्यालय से वरिष्ठ अधिकारी सहित जिले के सभी संबंधित संभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। समीक्षा बैठक में संचा-संधा वृत्त, शहर संभाग, संचा-संघा संभाग, दक्षिण संभाग, प्रवर्तन संभाग एवं एसटीएम-एसटीसी संभाग के कार्यों की गहन समीक्षा की गई। इस दौरान राजस्व संग्रहण, समाधान योजना, आरडीएसएस योजना, वर्क प्लान 2025-26, फेल ट्रांसफार्मर, विद्युत प्रदाय, मेंटेनेंस, बकाया राशि वसूली एवं स्मार्ट मीटर जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक के दौरान कम राजस्व संग्रहण एवं समाधान योजना की धीमी प्रगति पर प्रबंध संचालक ने नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यों में त्वरित गति लाते हुए निर्धारित लक्ष्यों को हर हाल में पूर्ण करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यपालन अभियंता एवं अधीक्षण अभियंता नियमित रूप से फील्ड में भ्रमण करें और शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, साथ ही राजस्व वसूली एवं समाधान योजना में तेजी लाएं। बैठक के उपरांत प्रबंध संचालक श्री गुप्ता ने आरडीएसएस योजना अंतर्गत 33/11 केव्ही खिरहनी उपकेंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण एजेंसी मेसर्स यूनिवर्सल के प्रतिनिधियों को गुणवत्तापूर्ण कार्य करने एवं सभी लंबित कार्य 30 अप्रैल 2026 तक पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य महाप्रबंधक (कार्य) संजय भागवतकर, मुख्य अभियंता एस.के. गिरिया, मुख्य महाप्रबंधक संजय निगम, महाप्रबंधक (आरडीएसएस) नीरज कुचया, अधीक्षण अभियंता डी.एन. चौकीकर सहित जिले के सभी कार्यपालन अभियंता एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में कार्यपालन अभियंता (शहर) मुकेश मोहबे, संचा-संधा संभाग के शरद विश्वकर्मा, दक्षिण संभाग की श्रीमती शैलजा सिंह चौहान, एसटीएम-एसटीसी संभाग की श्रीमती सुशीला सिंह मसराम एवं विजिलेंस संभाग के सिद्वान्त श्रीवास्तव भी विशेष रूप से मौजूद रहे।