जनगणना और सुशासन तिहार को ध्यान में रखते हुए अवकाश पर लगा प्रतिबंध
मोहम्मद शाकिब खान मुख्य संवाददाता गौरेला
गौरेला पेंड्रा मरवाही – गौरेला – स्व-गणना की जानकारी ऑनलाइन दर्ज करने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को कलेक्टर ने दिए निर्देशसुशासन तिहार के तहत 1 मई से 10 जून के मध्य होगा जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजनजनगणना और सुशासन तिहार को ध्यान में रखते हुए अवकाश पर लगा प्रतिबंध
गौरेला पेण्ड्रा मरवाही, 21 अप्रैल 2026/साप्ताहिक समय सीमा की बैठक में कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी ने जनगणना 2027 के प्रथम चरण के लिए सभी जिला अधिकारियों और उनके अधिनस्थ अमले को ऑनलाइन लिंक se.census.gov.in पर स्व-गणना की जानकारी दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना भारत सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता का कार्य है। 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक स्व-गणना का कार्य चल रहा है। सभी अधिकारी-कर्मचारी जनगणना लिंक पर अपनी जानकारी दर्ज करें। इससे जनगणना प्रगणकों का कार्य आसान होगा।
कलेक्टर ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा इस वर्ष भी सुशासन तिहार 2026 संचालित करने का निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार विभिन्न लंबित प्रकरणों यथा-नामांतरण, बटवारा, सीमांकन, मनरेगा एवं हितग्राही मूलक योजनाओं के लंबित मजदूरी भुगतान, आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र, बिजली ट्रांसफार्मर, हैण्ड पंप सुधार आदि का कार्य 30 अप्रैल तक पूर्ण करना है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के तहत जन समस्या निवारण शिविरों का आयोजन 1 मई से 10 जून के मध्य किया जाएगा। इसकी भी तैयारी सुनिश्चित कर लें।
कलेक्टर ने कहा कि जनगणना कार्य प्रक्रियाधीन होने के कारण जनगणना कार्य में लगे किसी भी अधिकारी-कर्मचारी को उनकी अनुमोदन के बिना अवकाश स्वीकृत नहीं किया जाएगा और कोई भी अधिकारी-कर्मचारी बिना पूर्व अनुमति के मुख्यालय नहीं छोडेंगे। विशेष परिस्थितियों में जिला जनगणना शाखा के माध्यम से अवकाश आवेदन प्रस्तुति उपरांत अवकाश स्वीकृत किया जाएगा। कलेक्टर ने जनसमस्याओं एवं जनशिकायतों के निराकरण की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने समितियों से धान उठाव की समीक्षा के दौरान 13 समितियों मे शेष रहगए चार प्रतिशत धान का उठाव 30 अप्रैल तक पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने आगामी खरीफ फसलों के लिए लक्ष्य के अनुरुप खाद-बीज का भंडारण सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने ग्राम जोहार अभियान के तहत प्राप्त आवेदनों का शीध्रता से निराकरण करने, ई-ऑफिस के माध्यम से नस्थियों का क्रियान्वयन, भू-अर्जन प्रकरणों का निराकरण, ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल एवं बिजली आपूर्ती की समुचित व्यवस्था, पीडीएस बचत स्टॉक का सत्यापन, उज्वला योजना के तहत के लक्ष्य के अनुरुप हितग्राहियों को लाभान्वित करने, आंगनबाड़ी केन्द्रों में प्रदाय किए जा रहे रेडीटूईट एवं गर्म भोजन की जानकारी पोषण ट्रेकर एप्प में प्रविष्टि करने आदि के निर्देश संबंधित विभागों को दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री मुकेश रावटे सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।