शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो रही MPPSC परीक्षा, पहली पाली में 1058 अभ्यर्थी शामिल

0

शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो रही MPPSC परीक्षा, पहली पाली में 1058 अभ्यर्थी शामिल
कटनी।। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 रविवार को जिले के चार परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित की जा रही है। प्रशासन की कड़ी निगरानी और बेहतर व्यवस्थाओं के चलते परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह अनुशासित रही। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। प्रथम पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक संपन्न हुई, जबकि द्वितीय पाली दोपहर 2:15 बजे से शाम 4:15 बजे तक आयोजित होगी। जिले में कुल 1401 अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए थे, जिनमें से प्रथम पाली में 1058 परीक्षार्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई। परीक्षा की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए आयोग द्वारा नियुक्त संभागीय पर्यवेक्षक, सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी अशोक कुमार भार्गव ने सभी केंद्रों का निरीक्षण किया। वहीं नोडल अधिकारी एवं एसडीएम प्रमोद कुमार चतुर्वेदी भी लगातार परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे। जिले के शासकीय गर्ल्स कॉलेज में 300, शासकीय उत्कृष्ट हायर सेकेंडरी स्कूल में 450, शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में 360 तथा शासकीय तिलक कॉलेज में 291 अभ्यर्थियों के लिए केंद्र निर्धारित किए गए थे। सभी केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। साथ ही पेयजल, बैठने की समुचित व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी सुनिश्चित की गईं। परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सख्ती बरती गई, जिससे किसी भी प्रकार की अव्यवस्था देखने को नहीं मिली। जिला प्रशासन की सतर्कता, समन्वय और प्रभावी प्रबंधन के चलते परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित माहौल में संपन्न हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed