राहगीरी डे-स्वास्थ्य, मनोरंजन और स्वच्छता का संगम….सड़क पर उतरा स्वच्छता का संदेश.जोड़ी जनता की भागीदारी, सजी स्वच्छता की तस्वीर मिला सशक्त संदेश
राहगीरी डे-स्वास्थ्य, मनोरंजन और स्वच्छता का संगम….सड़क पर उतरा स्वच्छता का संदेश.जोड़ी जनता की भागीदारी, सजी स्वच्छता की तस्वीर मिला सशक्त संदेश
कटनी।। नगर पालिक निगम द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत आयोजित राहगीरी डे ने इस रविवार को स्वच्छता, स्वास्थ्य और जनजागरूकता का प्रभावी मंच प्रदान किया। महारानी लक्ष्मीबाई वार्ड स्थित फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड के सामने आयोजित इस कार्यक्रम में नागरिकों की व्यापक भागीदारी देखने को मिली, जिसने इसे एक जन-उत्सव का स्वरूप दे दिया।

कार्यक्रम में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरन प्रीत कौर सहित जनप्रतिनिधियों, चिकित्सकों, उद्योगपतियों, युवाओं, महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन की शुरुआत योग सत्र से हुई, जिसके बाद साइकिलिंग, रस्सा खींच, स्केटिंग, जुंबा, पारंपरिक खेलों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को ऊर्जावान बना दिया। विशेष आकर्षण के रूप में जुंबा डांस और रस्सा खींच प्रतियोगिता रही, जिसमें महिलाओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बाजी मारी। वहीं नुक्कड़ नाटक, कचरा पृथक्करण, सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंध और जल संरक्षण जैसे विषयों पर जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। गीतांजलि कला केंद्र के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत छत्तीसगढ़ी नृत्य ने कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भरे, जबकि बच्चों के लिए कार्टून कैरेक्टर, मैजिक शो और पारंपरिक खेल आकर्षण का केंद्र रहे। आयोजन के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं स्वच्छता मित्रों को तुलसी का पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। नगर निगम ने इस सफल आयोजन के लिए सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन के साथ शहर में स्वच्छता और जनभागीदारी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह राहगीरी डे शहरवासियों के लिए एक यादगार और प्रेरणादायक पहल बनकर उभरा।

