ओव्हर ब्रिज पर इलेक्ट्रिक बाइक में लगी भीषण आग, स्कूली छात्रा ने कूदकर बचाई जान, मिशन चौक में मचा हड़कंप

0

ओव्हर ब्रिज पर इलेक्ट्रिक बाइक में लगी भीषण आग, स्कूली छात्रा ने कूदकर बचाई जान, मिशन चौक में मचा हड़कंप

कटनी।। शहर के व्यस्त मिशन चौक ओव्हर ब्रिज पर सोमवार सुबह करीब 11 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती इलेक्ट्रिक बाइक में अचानक आग लग गई। कुछ ही मिनटों में बाइक धू-धू कर जलने लगी और देखते ही देखते पूरी तरह खाक हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक स्कूली छात्रा बाइक से चांडक चौक से बरगवां की ओर जा रही थी। जैसे ही वह ओव्हर ब्रिज पर आजाद चौक के पास पहुंची, बाइक के पिछले हिस्से से अचानक चिंगारियां निकलने लगीं। आसपास चल रहे अन्य वाहन चालकों ने तुरंत छात्रा को आवाज देकर आगाह किया। खतरा भांपते हुए छात्रा ने फौरन बाइक रोकी और तेजी से नीचे उतर गई, जिससे उसकी जान बच गई।
इसके बाद कुछ ही पलों में बाइक में आग भड़क उठी और आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कई लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, वहीं कुछ ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
फिलहाल बाइक किसकी थी और आग लगने का सटीक कारण क्या है, इसका पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर बैटरी फॉल्ट या शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।
समय रहते छात्रा की सतर्कता और अन्य वाहन चालकों की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया, लेकिन इस घटना ने इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा और मेंटेनेंस को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed