गो सम्मान आह्वान अभियान के तहत रैली निकालकर सौंपा गया ज्ञापन

0

प्रशांत कुमार मिश्रा मरवाही

 

गोवंश संरक्षण, कड़े कानून और राष्ट्रीय सम्मान की मांग को लेकर नागरिकों ने उठाई आवाज

मरवाही 27 अप्रैल 2026।

जिले में “गो सम्मान आह्वान अभियान” के तहत सोमवार को नागरिकों, गोसेवकों और संत समाज के लोगों ने विशाल रैली निकालकर शासन-प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। बरैहा तिराहा से शुरू हुई यह रैली कीर्तन-भजन के साथ निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, युवा और बुजुर्ग शामिल हुए। पूरे मार्ग में श्रद्धालु भक्ति गीतों और नारों के माध्यम से गौ माता के सम्मान और संरक्षण का संदेश देते रहे।

रैली विभिन्न मार्गों से होते हुए तहसील कार्यालय पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। यहां प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम तहसील प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में गोवंश की सुरक्षा के लिए सख्त केंद्रीय कानून बनाने, गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, गोवंश को ‘राष्ट्रीय धरोहर’ या ‘राष्ट्रमाता’ का दर्जा देने तथा गो आधारित अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने की मांग की गई।

आंदोलनकारियों ने गोशालाओं के विकास, सड़क दुर्घटनाओं में घायल गोवंश के उपचार के लिए विशेष व्यवस्था करने और शिक्षा पाठ्यक्रम में गो-सेवा से जुड़े विषयों को शामिल करने की भी मांग रखी। रैली के दौरान “क्या हम गौ माता के लिए एक दिन निकाल सकते हैं?” जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पर्यावरण संतुलन का महत्वपूर्ण आधार हैं। वर्तमान समय में गोवंश की स्थिति चिंताजनक है, ऐसे में उनके संरक्षण और संवर्धन के लिए ठोस कदम उठाना आवश्यक है।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही सदस्य एवं विकासखंड मरवाही अध्यक्ष परमेश्वर साहू (भोले) जी, विकासखंड मरवाही के सदस्य ऋतुराजधर शर्मा जी, अमर गुप्ता जी (पार्षद, नगर पंचायत मरवाही) तथा गोपाल प्रसाद सोनी जी,जमुनाप्रसाद जायसवाल,किशन सिंह ठाकुर , वेद प्रकाश ,गिरिजेश गुप्ता ,दीपिका तिवारी ,स्नेहलता उपाध्याय,श्याम दुबे ,हिमांशु सोनी , गंगा केशरी, प्रमोद गुप्ता ,टंडन तिवारी, दीपक तिवारी ,कैलाश सोनी , अभय सिंह सहित स्थानीय नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, गोसेवक और विभिन्न संगठनों के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

प्रशासन ने ज्ञापन को संबंधित स्तर तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। आयोजकों ने बताया कि यह अभियान देशभर में चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य समाज में जागरूकता बढ़ाना और गौ माता को राष्ट्रीय सम्मान दिलाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed