मजार गली में कबाड़ जब्त, निगम की सख्त कार्रवाई ज्वलनशील सामग्री के अव्यवस्थित भंडारण पर चला अभियान ग्रीष्मकाल में अग्नि जोखिम को देखते हुए नगर निगम अलर्ट
मजार गली में कबाड़ जब्त, निगम की सख्त कार्रवाई
ज्वलनशील सामग्री के अव्यवस्थित भंडारण पर चला अभियान
ग्रीष्मकाल में अग्नि जोखिम को देखते हुए नगर निगम अलर्ट
कटनी।। ग्रीष्म ऋतु में बढ़ते तापमान के बीच संभावित अग्नि दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में मिशन चौक क्षेत्र स्थित मजार गली में निगम के अतिक्रमण अमले ने एक कबाड़ व्यवसायी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री जब्त की।
अतिक्रमण प्रभारी मानेन्द्र सिंह के अनुसार निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कबाड़ व्यवसायी द्वारा प्लास्टिक, कागज, रबर सहित अन्य ज्वलनशील अपशिष्ट का अव्यवस्थित ढंग से भंडारण किया गया था। संकरी गली और घनी आबादी के बीच इस प्रकार का भंडारण गंभीर अग्नि दुर्घटना का कारण बन सकता था, जिससे स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए निगम टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके से कबाड़ सामग्री जब्त कर उसे एमएसडब्ल्यू प्लांट भिजवाया। साथ ही संबंधित व्यवसायी को कड़ी चेतावनी दी गई कि भविष्य में आबादी से दूर सुरक्षित स्थान पर ही कबाड़ का भंडारण करें और अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें।
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि भविष्य में इस तरह की अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित के विरुद्ध जुर्माना सहित कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम ने शहर के सभी व्यापारियों और नागरिकों से अपील की है कि वे अपने प्रतिष्ठानों में ज्वलनशील सामग्री का सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित भंडारण करें, अग्निशमन उपकरणों की व्यवस्था रखें और किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचें, ताकि शहर को सुरक्षित और दुर्घटना मुक्त बनाया जा सके।