सायना महाविद्यालय में फोटोग्राफी वर्कशॉप आयोजित फोटोग्राफी के कौशल से युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के बढ़ेंगे अवसर

0

सायना महाविद्यालय में फोटोग्राफी वर्कशॉप आयोजित
फोटोग्राफी के कौशल से युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के बढ़ेंगे अवसर
कटनी।। सायना इंटरनेशनल कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज, कटनी द्वारा विद्यार्थियों के रचनात्मक एवं व्यावसायिक कौशल को विकसित करने के उद्देश्य से फोटोग्राफी वर्कशॉप का आयोजन किया गया। कार्यशाला में CANON ग्रुप से सेल्स सपोर्ट ऑफिसर श्री गौरव विश्वास, भोपाल एवं CANON ऑथराइज्ड डिस्ट्रीब्यूटर, महाकौशल क्षेत्र प्रमुख श्री शशांक जैन विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यशाला के दौरान विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को फोटोग्राफी की बुनियादी तकनीकों के साथ कैमरा संचालन, प्रकाश व्यवस्था, एंगल, फ्रेमिंग, कंपोजिशन एवं बेहतर फोटोग्राफी की व्यावहारिक जानकारी दी। विद्यार्थियों को विभिन्न तकनीकों का प्रयोग करके फोटोग्राफी के व्यावहारिक पहलुओं को समझने का अवसर भी मिला। विशेषज्ञों ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में फोटोग्राफी केवल शौक तक सीमित नहीं है, बल्कि यह युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकती है। सोशल मीडिया, डिजिटल मार्केटिंग, विज्ञापन, मीडिया, इवेंट मैनेजमेंट, फैशन, पर्यटन सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षित एवं कुशल फोटोग्राफरों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सी. राजेश कुमार ने कहा कि इस प्रकार की व्यावहारिक कार्यशालाओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को अकादमिक शिक्षा के साथ रोजगारपरक एवं रचनात्मक कौशल से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने और बदलते समय के अनुरूप नए अवसरों का लाभ उठाने के लिए निरंतर सीखने एवं अभ्यास की आवश्यकता है। वर्कशॉप में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और फोटोग्राफी से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों से प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। आत्मनिर्भर बनने तथा फोटोग्राफी के क्षेत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाओं को लेकर भी विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यशाला के अंत में विद्यार्थियों को फोटोग्राफी के क्षेत्र में निरंतर अभ्यास, रचनात्मकता एवं नवाचार के लिए प्रेरित किया गया। वर्कशॉप में सहभागिता करने वाले सभी छात्र-छात्राओं को सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। इस अवसर पर महाविद्यालय के विभागाध्यक्ष, सहायक प्राध्यापक, सायना ग्रुप के मीडिया पर्सन अभिषेक खरे, अंश पांडेय एवं सचिन बर्मन सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed