बड़वारा में मौत का तांडव डंपर-कार की भीषण भिड़ंत में 4 की दर्दनाक मौत, एक जिंदगी से जूझ रहा
बड़वारा में मौत का तांडव डंपर-कार की भीषण भिड़ंत में 4 की दर्दनाक मौत, एक जिंदगी से जूझ रहा
कटनी।। बड़वारा थाना क्षेत्र के ग्राम बसाडी के पास गुरुवार सुबह करीब 5 बजे हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार और लापरवाही की भेंट चढ़े एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
आमने-सामने की टक्कर, उड़ गए कार के परखच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक अनियंत्रित हाईवा डंपर ने सामने से आ रही कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए। मौके पर ही तीन लोगों ने दम तोड़ दिया।
अस्पताल पहुंचते ही बुझ गई एक और सांस
घटना के बाद घायलों को तत्काल जिला अस्पताल कटनी पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान एक और युवक की मौत हो गई। अब मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है, जबकि एक की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।
शादी की खुशियां मातम में बदलीं
जानकारी के मुताबिक, नरसिंहपुर जिले के सगोरिया गांव का रघुवंशी परिवार बरही क्षेत्र के पिपरिया कला खिरहनी में एक विवाह समारोह में शामिल होकर लौट रहा था। रात करीब 2 बजे निकले इस सफर ने सुबह होते-होते चार जिंदगियां निगल लीं। परिजनों ने आरोप लगाया है कि डंपर चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था। हादसे के बाद वह मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
मौके पर पहुंची पुलिस, रेस्क्यू में लगी रही घंटों
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे शवों और घायलों को बाहर निकाला। मृतकों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
एक ही परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
इस हादसे में अनिल, राकेश, अरुण और अभिषेक रघुवंशी की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है—जहां शादी की खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और भारी वाहनों की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े करता है।