साधुराम स्कूल में गूंजे सायरन, प्रशासन ने दिखाई आपदा से निपटने की ताकत ब्लास्ट और भीषण आग की काल्पनिक स्थिति में हुआ वृहद मॉक ड्रिल, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ ने किया त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन

0

साधुराम स्कूल में गूंजे सायरन, प्रशासन ने दिखाई आपदा से निपटने की ताकत
ब्लास्ट और भीषण आग की काल्पनिक स्थिति में हुआ वृहद मॉक ड्रिल, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ ने किया त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन
कटनी।। जिले में आपदा प्रबंधन एवं नागरिक सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने के उद्देश्य से बुधवार शाम साधुराम स्कूल परिसर में प्रशासन द्वारा वृहद स्तर पर मॉक ड्रिल आयोजित की गई। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन एवं निगमायुक्त तपस्या परिहार के निर्देशन में हुए इस पूर्वाभ्यास में आगजनी एवं विस्फोट जैसी आपातकालीन स्थिति से निपटने की तैयारियों का व्यवहारिक परीक्षण किया गया।
मॉक ड्रिल के दौरान स्कूल की ऊपरी मंजिल में ब्लास्ट होने और भीषण आग लगने की काल्पनिक स्थिति बनाई गई। कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही नगर निगम का अग्निशमन अमला, एसडीआरएफ टीम और अन्य विभागों की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड ने तेजी से आग पर नियंत्रण पाने की कार्रवाई शुरू की, वहीं एसडीआरएफ टीम ने प्रभावित लोगों को स्ट्रेचर के माध्यम से सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया।
अभ्यास के दौरान आपातकालीन निकासी, राहत एवं बचाव, संचार व्यवस्था और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय का लाइव प्रदर्शन किया गया। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के मॉक ड्रिल का उद्देश्य केवल विभागीय तैयारियों को परखना नहीं, बल्कि आमजन और विद्यार्थियों को भी आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक करना है।
नगर निगम के फायर अमले ने आग लगने के प्रमुख कारणों, विद्युत शॉर्ट सर्किट, गैस रिसाव एवं अन्य दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों की जानकारी दी। साथ ही फायर एक्सटिंग्विशर के उपयोग का लाइव डेमो देकर लोगों को व्यवहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।

अधिकारियों ने कहा कि नियमित मॉक ड्रिल से किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में त्वरित निर्णय क्षमता और प्रभावी राहत कार्य सुनिश्चित करने में मदद मिलती है। कार्यक्रम में प्लाटून कमांडर एसडीआरएफ श्वेता गुप्ता, नगर निगम उपयंत्री एवं फायर प्रभारी मृदुल श्रीवास्तव, फायर इंचार्ज शैलेन्द्र दुबे सहित फायर अमला और एसडीआरएफ टीम उपस्थित रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed