बस स्टैंड से ऑटो चोरी कर ठिकाने लगाने की फिराक में था आरोपी, पुलिस ने धर दबोचा झाड़ियों में छिपाकर ले जाया जा रहा था 3 लाख का ऑटो, CCTV और मुखबिर तंत्र से खुला राज
बस स्टैंड से ऑटो चोरी कर ठिकाने लगाने की फिराक में था आरोपी, पुलिस ने धर दबोचा
झाड़ियों में छिपाकर ले जाया जा रहा था 3 लाख का ऑटो, CCTV और मुखबिर तंत्र से खुला राज
कटनी।। शहर में ऑटो चोरी की वारदात का कोतवाली पुलिस ने कुछ ही घंटों में पर्दाफाश करते हुए चोरी गया ऑटो बरामद कर लिया। मामले में पुलिस ने एक नाबालिग अपचारी बालक को पकड़ा है, जो चोरी के ऑटो को सुनसान इलाके में छिपाने का प्रयास कर रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शास्त्री कॉलोनी गली नंबर 2 निवासी विजय बाबू जायसवाल ने थाना कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि वह ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। उन्होंने अपना ऑटो क्रमांक MP21R3082 दिनांक 05 मई को बस स्टैंड स्थित राजू मिस्त्री के यहां सुधार कार्य के लिए खड़ा किया था। अगले दिन जब वह वाहन लेने पहुंचे तो ऑटो वहां से गायब मिला। आसपास तलाश और पूछताछ के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिलने पर उन्होंने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
शिकायत पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 454/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी राखी पाण्डेय एवं चौकी प्रभारी बस स्टैंड नेहा मोर्य के नेतृत्व में संयुक्त टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र और क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें ऑटो मरघटाई क्षेत्र की ओर जाते दिखाई दिया। तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मरघटाई के पीछे सुनसान इलाके में दबिश दी, जहां एक नाबालिग बालक चोरी के ऑटो को झाड़ियों में छिपाने का प्रयास करता मिला।
पूछताछ में बालक ने स्वयं को पटना बिहार का निवासी बताया। उसने बताया कि उसका परिवार पहले कटनी के एनकेजे क्षेत्र में रहता था, बाद में सब कुछ बेचकर बिहार चला गया। पुलिस ने विधिवत कार्रवाई करते हुए चोरी गया ऑटो बरामद कर लिया। बरामद ऑटो की कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से वाहन मालिक ने राहत की सांस ली है।