पीर बाबा उर्स मुबारक में गूंजेगी सूफियाना कलाम की सदाएं,मशहूर कव्वाल रईस अनीस साबरी एवं सब्बू सादाव के साथ दो दिवसीय कव्वाली कार्यक्रम होंगे मुख्य आकर्षण हज़रत इत्रशाह दाता चिश्ती के दरबार में उमड़ेगी अकीदतमंदों की भीड़

0

पीर बाबा उर्स मुबारक में गूंजेगी सूफियाना कलाम की सदाएं,मशहूर कव्वाल रईस अनीस साबरी एवं सब्बू सादाव के साथ दो दिवसीय कव्वाली कार्यक्रम होंगे मुख्य आकर्षण हज़रत इत्रशाह दाता चिश्ती के दरबार में उमड़ेगी अकीदतमंदों की भीड़

कटनी।। नगर की सरज़मीं एक बार फिर सूफी रंग में रंगने जा रही है। हज़रत इशाह दाता चिश्ती र.अ. निवास दरदी, कटनी में आयोजित होने वाले पीर बाबा उर्स मुबारक 2026 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। उर्स के अवसर पर 10 एवं 11 मई को भव्य कव्वाली कार्यक्रम एवं महफिल-ए-समां का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश के प्रसिद्ध कव्वाल और सूफी गायक अपनी आवाज़ का जादू बिखेरेंगे।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मशहूर कव्वाल एवं सूफी गायक रईस अनीस साबरी एवं सब्बू सादाव रहेंगे, जो अपने सूफियाना कलाम, हम्द, नात और मनकबतों से महफिल को रूहानी रंग में रंग देंगे। इनके साथ अन्य कलाकार भी दरगाह की फिजाओं में मोहब्बत, इंसानियत और सूफी संदेश की खुशबू बिखेरेंगे। आयोजन समिति के अनुसार दोनों कलाकारों की प्रस्तुतियों को लेकर नगरवासियों एवं जायरीन में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
उर्स कमेटी द्वारा जारी जानकारी के अनुसार 10 मई दिन रविवार रात्रि 9 बजे से कव्वाली महफिल का आयोजन होगा, जिसमें अकीदतमंद देर रात तक सूफी संगीत का आनंद लेंगे। वहीं 11 मई दिन सोमवार रात्रि 9 बजे से दूसरी महफिल सजाई जाएगी। 12 मई को सुबह 10 बजे कुल शरीफ एवं विशेष दुआ का आयोजन होगा, जहां मुल्क में अमन, चैन और खुशहाली की दुआएं मांगी जाएंगी।
दरगाह परिसर में चादरपोशी, फातिहा, लंगर एवं तबर्रुक वितरण की विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। उर्स में शामिल होने वाले जायरीन के लिए रोशनी, बैठक एवं पेयजल सहित अन्य सुविधाओं की भी तैयारी की गई है। आयोजन समिति का कहना है कि यह उर्स केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि इंसानियत, भाईचारे और मोहब्बत का पैगाम देने वाला पर्व है, जहां हर समाज और हर वर्ग के लोग एक साथ शामिल होकर पीर बाबा के दरबार में अपनी अकीदत पेश करते हैं।
नगर के सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने भी उर्स मुबारक को कटनी की गंगा-जमुनी तहज़ीब की पहचान बताते हुए लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उर्स को लेकर मुस्लिम समाज सहित सभी समुदायों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। पत्रकार वार्ता में प्रमुख रूप सैयद फहीम अशरफ साहब, पीर बाबा कमेटी अध्यक्ष तनवीर खान(तन्नू ), अज्जू भाई जान, अनवर भाईजान तौफीक भाईजान,सोनू भाईजान, काजी वसीमखान,हैप्पी भाईजान,मोनू भाईजान,हाजी हबीब सहित कमेटी अन्य सदस्यों की उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed