नदीयों के संरक्षण को लेकर महापौर गंभीर नदी सफाई अभियान को मिली रफ्तार, ट्रैश क्लीनर मशीन से बदलेगी तस्वीर,कटाए घाट से शुरू हुआ नदी पुनर्जीवन अभियान महापौर के नेतृत्व का सबसे बड़ा अभियान,स्वयं पहुंचकर देखा ट्रैश क्लीनर मशीन का कार्य
नदीयों के संरक्षण को लेकर महापौर गंभीर नदी सफाई अभियान को मिली रफ्तार, ट्रैश क्लीनर मशीन से बदलेगी तस्वीर,कटाए घाट से शुरू हुआ नदी पुनर्जीवन अभियान
महापौर के नेतृत्व का सबसे बड़ा अभियान,स्वयं पहुंचकर देखा ट्रैश क्लीनर मशीन का कार्य
कटनी।। शहर की जीवनदायिनी कटनी नदी को स्वच्छ और संरक्षित बनाने की दिशा में नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। मध्यप्रदेश शासन के जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत कटाए घाट में अत्याधुनिक ट्रैश क्लीनर मशीन से चल रहे नदी सफाई अभियान का शनिवार को महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने निरीक्षण किया। प्रयागराज से मंगाई गई हाईटेक मशीन द्वारा नदी में वर्षों से जमा जलकुंभी, चोई, गाद और तैरते कचरे को हटाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि कटनी नदी केवल जल स्रोत नहीं, बल्कि शहर की सांस्कृतिक और पर्यावरणीय पहचान है। नदी को पुनर्जीवित करने के लिए नगर निगम लगातार प्रयास कर रहा है और पहली बार आधुनिक मशीनी तकनीक के जरिए बड़े पैमाने पर सफाई अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस अभियान से नदी के जल प्रवाह में सुधार होगा, जलधारण क्षमता बढ़ेगी और नदी का सौंदर्य भी निखरेगा।
नगर निगम प्रशासन द्वारा कटाए घाट से शुरू किया गया यह विशेष सफाई अभियान चरणबद्ध तरीके से गाटर घाट तक चलाया जाएगा। ट्रैश क्लीनर मशीन नदी की सतह पर तैर रहे कचरे, जलकुंभी और गाद को हटाकर जलभराव की समस्या को कम करने में भी मददगार साबित होगी। प्रशासन का मानना है कि मानसून से पहले यह अभियान नदी संरक्षण की दिशा में अहम भूमिका निभाएगा।
महापौर ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जल स्रोतों में कचरा, प्लास्टिक एवं पूजन सामग्री न डालें और जल गंगा संवर्धन अभियान को जनआंदोलन बनाकर इसमें अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ नदी ही स्वस्थ शहर की पहचान होती है।
निरीक्षण के दौरान मेयर इन काउंसिल सदस्य सुभाष साहू, जयनारायण निषाद, सुरेंद्र गुप्ता, पार्षद शकुंतला सोनी, प्रभारी कार्यपालन यंत्री असित खरे, सहायक यंत्री सुनील सिंह, उपयंत्री मृदुल श्रीवास्तव सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।