ट्रैश क्लीनर मशीन से चमक उठी कटाए घाट की नदी, 500 मीटर तक चला महाअभियान
ट्रैश क्लीनर मशीन से चमक उठी कटाए घाट की नदी, 500 मीटर तक चला महाअभियान
कटनी।। शहर के जल स्रोतों को स्वच्छ और संरक्षित बनाने की दिशा में नगर निगम का जल गंगा संवर्धन अभियान लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। अभियान के तहत कटाए घाट स्थित नदी में अत्याधुनिक ट्रैश क्लीनर मशीन के माध्यम से बड़े स्तर पर सफाई कार्य किया जा रहा है। प्रयागराज उत्तर प्रदेश से मंगाई गई आधुनिक मशीन ने नदी में जमी चोई, जलीय कचरे और अन्य अपशिष्ट को हटाकर घाट क्षेत्र की तस्वीर बदलनी शुरू कर दी है।
नगर निगम द्वारा संचालित इस विशेष अभियान के अंतर्गत अब तक लगभग 500 मीटर लंबे नदी क्षेत्र की सफाई पूरी की जा चुकी है। वर्षों से जमा गंदगी और जलीय अवरोध हटने से नदी के जल प्रवाह में सुधार दिखाई देने लगा है, वहीं घाट की स्वच्छता और सौंदर्य भी निखरकर सामने आया है। मशीन आधारित सफाई अभियान को देखने के लिए स्थानीय लोगों की भीड़ जुट रही है और नागरिक निगम की इस पहल की सराहना कर रहे हैं।
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि यह अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि जल संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन का जनजागरूकता अभियान भी है। प्रशासन लोगों को यह संदेश दे रहा है कि स्वच्छ और निर्मल जल स्रोत आने वाली पीढ़ियों की अमूल्य धरोहर हैं, जिनके संरक्षण में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत नदी, तालाब, सार्वजनिक कुओं और अन्य जल स्रोतों की साफ-सफाई लगातार की जा रही है। निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि जल स्रोतों में कचरा, प्लास्टिक अथवा पूजन सामग्री न डालें और जल संरक्षण से जुड़े प्रयासों में सक्रिय सहभागिता निभाएं, ताकि जल स्रोत स्वच्छ और जीवंत बने रहें।