जर्जर स्कूल भवन का होगा कायाकल्प, नए भवन सहित आधुनिक सुविधाओं से संवरेगा परिसर निगमाध्यक्ष मनीष पाठक ने किया स्वर्गीय बी.जी. अग्निहोत्री शासकीय प्राथमिक शाला का निरीक्षण, नवीन भवन, बाउंड्रीवॉल, पेवर ब्लॉक और पंप हाउस निर्माण के प्रस्ताव तैयार करने के दिए निर्देश
जर्जर स्कूल भवन का होगा कायाकल्प, नए भवन सहित आधुनिक सुविधाओं से संवरेगा परिसर
निगमाध्यक्ष मनीष पाठक ने किया स्वर्गीय बी.जी. अग्निहोत्री शासकीय प्राथमिक शाला का निरीक्षण, नवीन भवन, बाउंड्रीवॉल, पेवर ब्लॉक और पंप हाउस निर्माण के प्रस्ताव तैयार करने के दिए निर्देश
कटनी। शहर के शासकीय विद्यालयों की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने पहल की है। मदन मोहन चौबे वार्ड स्थित स्वर्गीय श्री बी.जी. अग्निहोत्री शासकीय प्राथमिक शाला परिसर का निरीक्षण कर उन्होंने विद्यालय की जर्जर स्थिति का जायजा लिया। विद्यार्थियों की सुरक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने विद्यालय परिसर के समग्र विकास के लिए विभिन्न निर्माण कार्यों के प्रस्ताव शीघ्र तैयार करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान सामने आया कि विद्यालय का एक भवन अत्यधिक जर्जर होने के कारण गिर चुका है, जबकि वर्तमान में केवल दो कक्षों में ही विद्यार्थियों की पढ़ाई संचालित हो रही है। शेष दोनों कक्षों की स्थिति भी संतोषजनक नहीं है। ऐसे में विद्यार्थियों और शिक्षकों को असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है।
निगमाध्यक्ष मनीष पाठक ने मौके पर मौजूद सहायक यंत्री आदेश जैन एवं उपयंत्री शैलेन्द्र प्यासी को क्षतिग्रस्त भवन के स्थान पर नवीन शाला भवन निर्माण तथा पूरे परिसर में पेवर ब्लॉक लगाने के लिए शीघ्र प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कक्षाओं में टाइल्स सहित आधुनिक सुविधाएं विकसित करने और छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों की सुविधा के लिए व्यवस्थित एवं आधुनिक शौचालय निर्माण को भी प्रस्ताव में शामिल करने को कहा।
विद्यालय परिसर में स्थित पानी की टंकी के नीचे बने जर्जर पंप हाउस के पुनर्निर्माण के लिए सहायक यंत्री मृदुल श्रीवास्तव से दूरभाष पर चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही परिसर की जर्जर बाउंड्रीवॉल के पुनर्निर्माण को भी विकास कार्यों की कार्ययोजना में शामिल करने के निर्देश दिए।
निगमाध्यक्ष श्री पाठक ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उन्हें सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधायुक्त वातावरण में शिक्षा प्राप्त करने का पूरा अवसर मिलना चाहिए। विद्यालय केवल पढ़ाई का स्थान नहीं, बल्कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव तैयार करने वाला केंद्र है। ऐसे में शाला भवन का नवीन निर्माण और परिसर का व्यवस्थित विकास बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि शहर के शासकीय विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करना प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से विद्यालय के समग्र विकास की कार्ययोजना तैयार कराकर निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान निगम अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि विद्यालय परिसर के विकास में किसी भी आवश्यक सुविधा को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। नवीन भवन से लेकर पेयजल व्यवस्था, शौचालय, बाउंड्रीवॉल और परिसर के सौंदर्यीकरण तक सभी जरूरी कार्यों को प्रस्ताव में शामिल कराकर विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।