राहगीरी डे : सड़क बनी सेहत और स्वच्छता की पाठशाला
राहगीरी डे : सड़क बनी सेहत और स्वच्छता की पाठशाला
कटनी। नगर निगम द्वारा रविवार को माधवनगर स्थित बाबा माधव शाह चिकित्सालय मार्ग पर आयोजित राहगीरी डे में फिटनेस, मनोरंजन और स्वच्छता जागरूकता गतिविधियों के जरिए शहरवासियों को स्वस्थ एवं तनावमुक्त जीवनशैली का संदेश दिया गया। सुबह से ही सड़कें योग, जुंबा, खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से जीवंत नजर आईं। कार्यक्रम में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार, एमआईसी सदस्य, पार्षदगण, स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। योगा, रस्साकशी, बोरा दौड़, साइकिलिंग, चेयर प्रतियोगिता, शतरंज, कैरम और नींबू-चम्मच दौड़ जैसी गतिविधियों में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नेहा मोटवानी की टीम के साथ नागरिकों ने जुंबा कर फिटनेस का आनंद लिया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा नुक्कड़ नाटक और स्वच्छता गतिविधियों के माध्यम से सिंगल यूज प्लास्टिक और गंदगी से होने वाली बीमारियों के प्रति जागरूक किया गया। महापौर ने नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई, वहीं इको ब्रिक्स स्टॉल के जरिए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में जादूगर एम. कुमार के मैजिक शो और रस कला संगीत विद्यालय के बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुति ने आकर्षण बढ़ाया। अंत में प्रतियोगिताओं के विजेताओं, वयोवृद्ध प्रतिभागी श्रीमती पोपरी बाई तथा निगम के स्वच्छता मित्रों का सम्मान किया गया। महापौर एवं निगमायुक्त ने कहा कि राहगीरी डे का उद्देश्य स्वस्थ और स्वच्छ जीवनशैली को जनआंदोलन बनाना है तथा आगे भी शहर के विभिन्न वार्डों में ऐसे आयोजन किए जाएंगे।