6 लाख की कार से 63 लीटर अवैध शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार
6 लाख की कार से 63 लीटर अवैध शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार
कटनी।। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विजयराघवगढ़ पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर वाहन समेत करीब 6 लाख 39 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डा. संतोष डेहरिया तथा एसडीओपी वीरेन्द्र धार्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रीतेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई अंजाम दी। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध कार में अवैध शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र के झिरिया मोड़ तालाब के समीप घेराबंदी कर टोयोटा ग्लेंजा कार क्रमांक MP21ZJ0141 को रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर डिक्की में रखे सात कार्टूनों से 63 लीटर शराब बरामद हुई। बरामद शराब में पांच पेटियों में देशी प्लेन शराब तथा दो पेटियों में अंग्रेजी गोवा शराब पाई गई। सभी शराब सीलबंद पाव के रूप में थी। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 39 हजार रुपये बताई गई है, जबकि वाहन की कीमत लगभग 6 लाख रुपये आंकी गई है। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रफीक अहमद उर्फ सोनू निवासी आजाद चौक विजयराघवगढ़ बताया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।