यहां शराब पीना मना है….फिर भी खुलेआम छलक रहे जाम वायरल वीडियो ने खड़े किए बड़े सवाल, क्या नियम सिर्फ बोर्ड तक सीमित हैं?

0

यहां शराब पीना मना है….फिर भी खुलेआम छलक रहे जाम
वायरल वीडियो ने खड़े किए बड़े सवाल, क्या नियम सिर्फ बोर्ड तक सीमित हैं?
कटनी।। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीना कानूनन अपराध माना जाता है। शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर पुलिस सख्त कार्रवाई करती है, चालान काटे जाते हैं और कई मामलों में गिरफ्तारी तक होती है। लेकिन अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।
वायरल वीडियो NKJ थाना क्षेत्र के नया गांव का बताया जा रहा है, जहां एक स्थान पर बड़े-बड़े अक्षरों में साफ लिखा हुआ है यहां शराब पीना सख्त मना है। हैरानी की बात यह है कि उसी चेतावनी बोर्ड के ठीक नीचे कुछ लोग खुलेआम शराब पीते और जाम से जाम छलकाते नजर आ रहे हैं।
अब सवाल यह उठ रहा है कि जब नियमों का खुलेआम उल्लंघन कैमरे में कैद हो रहा है, तो आखिर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही? क्या कानून सिर्फ आम जनता को डराने के लिए है या फिर उसका पालन करवाने की जिम्मेदारी भी प्रशासन की है?
स्थानीय लोगों का कहना है कि शराब दुकानों के आसपास इस तरह खुलेआम बैठकर शराब पीना अक्सर विवाद, मारपीट और असामाजिक गतिविधियों की वजह बनता है। कई बार राहगीरों, महिलाओं और परिवारों को भी असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है। इसके बावजूद यदि नियमों की अनदेखी होती रहे, तो फिर शराब पीना मना है जैसे बोर्ड केवल औपचारिकता बनकर रह जाते हैं।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जिस तरह शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई होती है, उसी तरह सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जाएं। क्योंकि यदि नियम सबके लिए बराबर हैं, तो उनका पालन भी बराबरी से होना चाहिए। अब देखना यह होगा कि वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन केवल जांच की बात करता है या फिर वास्तव में कार्रवाई कर यह संदेश देता है कि कानून का उल्लंघन किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed