अवैध रेत कारोबार पर पुलिस का बड़ा वार जिले में अलग-अलग कार्रवाई में परिवहन करते 5 ट्रैक्टर-ट्राली जप्त
अवैध रेत कारोबार पर पुलिस का बड़ा वार
जिले में अलग-अलग कार्रवाई में परिवहन करते 5 ट्रैक्टर-ट्राली जप्त
कटनी।। जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में बरही एवं बड़वारा थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अवैध रेत परिवहन में संलिप्त कुल पांच ट्रैक्टर-ट्राली जप्त किए। लगातार हो रही पुलिस कार्रवाई से रेत माफियाओं में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया के मार्गदर्शन में थाना बरही पुलिस ने एसडीओपी विजयराघवगढ़ वीरेंद्र धार्वे के निर्देशन में ग्राम बहिरघटा के नदी घाट क्षेत्र में मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अवैध रूप से रेत परिवहन करते हुए तीन ट्रैक्टर-ट्राली पकड़े, जिनमें दो लाल रंग के महिंद्रा ट्रैक्टर एवं एक आसमानी रंग का आईसर ट्रैक्टर शामिल था। तीनों ट्रालियों में रेत भरी हुई थी। वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने वाहनों को जप्त कर थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया।
वहीं दूसरी ओर थाना बड़वारा पुलिस ने डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में ग्राम निगहरा मोड़ क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दो ट्रैक्टर-ट्राली जप्त किए। पुलिस टीम को गश्त के दौरान एक बिना नंबर प्लेट का महिंद्रा ट्रैक्टर एवं एक अन्य महिंद्रा 575 ट्रैक्टर नीली ट्रालियों में अवैध रेत परिवहन करते मिले। पूछताछ में वाहन चालक उमेश कुमार पटेल एवं दिलबहार कोल निवासी ग्राम गणेशपुर द्वारा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका, जिसके बाद पुलिस ने दोनों वाहनों को जप्त कर वैधानिक कार्रवाई की।