महिला का आरोप-थाना प्रभारी ने ही कर दी मारपीट पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप सीसीटीवी जांच की मांग के साथ पहुंची एसपी ऑफिस मारपीट, अभद्रता और धमकी के आरोपों से मचा हड़कंप
महिला का आरोप-थाना प्रभारी ने ही कर दी मारपीट
पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप सीसीटीवी जांच की मांग के साथ पहुंची एसपी ऑफिस
मारपीट, अभद्रता और धमकी के आरोपों से मचा हड़कंप
कटनी। माधवनगर थाना क्षेत्र में हुई एक विवादित घटना ने पुलिस कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नारायण शाह वार्ड निवासी आकांक्ष उर्फ काव्या इदनानी ने पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपते हुए कुछ स्थानीय लोगों के साथ-साथ थाना प्रभारी पर भी मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
महिला का आरोप है कि 17 मई की देर रात उसके पति के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था। सूचना मिलने पर जब वह मौके पर पहुंची तो वहां मौजूद लोगों ने उसके साथ कथित रूप से अभद्रता और मारपीट की। शिकायत में यह भी कहा गया है कि मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी ने कार्रवाई करने के बजाय उसके साथ दुर्व्यवहार किया। पीड़िता ने मेडिकल रिपोर्ट एवं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले की शिकायत पुलिस मुख्यालय और महिला आयोग तक भी पहुंचाई गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर के माधवनगर थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें एक महिला ने कुछ स्थानीय लोगों के साथ-साथ थाना प्रभारी पर भी मारपीट, अभद्रता और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक कटनी सहित पुलिस मुख्यालय और महिला आयोग को लिखित शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच एवं कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नारायण शाह वार्ड निवासी आकांक्ष उर्फ काव्या इदनानी ने शिकायत में बताया कि 17 मई 2026 की रात लगभग 12 बजे उसके पति गोविंद इदनानी का पैसों के लेन-देन को लेकर कुछ लोगों से विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद के दौरान महेश मनचंदानी, रवि इदनानी, पंकज इदनानी एवं अन्य द्वारा उसके पति के साथ गाली-गलौज और मारपीट की जा रही थी। सूचना मिलने पर जब वह अपने ससुर के साथ मुड़वारा स्टेशन के पास स्थित सोनू फास्ट फूड पहुंची, तब आरोपियों ने उसके साथ भी कथित रूप से अश्लील गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।
शिकायत में महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि मौके पर पहुंचे माधवनगर थाना प्रभारी संजय दुबे ने निष्पक्ष कार्रवाई करने के बजाय उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। महिला के अनुसार थाना प्रभारी द्वारा उसके साथ मारपीट, धक्का-मुक्की और अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया गया। इसके बाद उसे, उसके पति और ससुर को कोतवाली थाना ले जाया गया, जहां आरक्षक जय सिंह के साथ मिलकर कथित रूप से डराया-धमकाया गया और शिकायत करने पर झूठे प्रकरण में फंसाने की धमकी दी गई।
पीड़िता ने बताया कि घटना के बाद उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है, जिसकी रिपोर्ट उसके पास उपलब्ध है। साथ ही उसने मुड़वारा स्टेशन क्षेत्र, सोनू फास्ट फूड के आसपास और कोतवाली थाना परिसर के सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कर जांच में शामिल करने की मांग की है।
महिला ने पुलिस अधीक्षक से आरोपियों एवं संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों पर विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
फिलहाल मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने आधिकारिक प्रतिक्रिया देते हुए बताया है कि कोतवाली थाना क्षेत्र में महिला फरियादी के द्वारा रिपोर्ट की गई है जिसमें रवि इदनानी और गोलू इदनानी के बीच पैसों को लेकर विवाद चल रहा है. इसके संबंध में लगातार शिकायत है और मुकदमे कोतवाली और माधव नगर थाना क्षेत्र में पंजीबद्ध किए गए हैं। इस दौरान पुलिसिया कार्रवाई को लेकर मारपीट के आरोप भी लगाए गए हैं जिसकी शिकायत प्राप्त हुई है इस संबंध में जांच की जाएगी। जांच के द्वारा ने जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी सभी सीसीटीवी फुटेज की जांच की जाएगी उनको देखा जाएगा। शिकायत के बाद यह मामला शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।