खाते से कटते रहे पैसे, भनक तक नहीं लगी बैंक मैसेज आते ही उड़े होश, व्यापारी बना साइबर अपराधियों का शिकार तीन दिन में खाते से साफ हुई लाखों की रकम
खाते से कटते रहे पैसे, भनक तक नहीं लगी
बैंक मैसेज आते ही उड़े होश, व्यापारी बना साइबर अपराधियों का शिकार तीन दिन में खाते से साफ हुई लाखों की रकम
कटनी।। जिले के कैमोर थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां शातिर ऑनलाइन ठगों ने एक व्यापारी के बैंक खाते से यूपीआई के माध्यम से 3 लाख 14 हजार रुपये उड़ा दिए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कैमोर के खलवारा बाजार निवासी विनीत गुप्ता (34) पिता रामप्रसाद गुप्ता ऑनलाइन फ्रॉड का शिकार हो गए। बताया जा रहा है कि 12 अप्रैल सुबह 10 बजे से 15 अप्रैल दोपहर 3 बजे के बीच साइबर बदमाशों ने अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए उनके बैंक खाते से रकम पार कर दी। हैरानी की बात यह रही कि पूरी वारदात की भनक तक पीड़ित को नहीं लगी।
जब मोबाइल पर बैंक खाते से रकम कटने के मैसेज आए, तब विनीत गुप्ता के होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल बैंक से संपर्क किया, जहां उन्हें साइबर ठगी की जानकारी मिली। इसके बाद पीड़ित ने कैमोर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात यूपीआई खाताधारकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले की जांच में साइबर सेल की भी मदद ली जा रही है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह वारदात किसी अंतरराज्यीय साइबर ठग गिरोह द्वारा अंजाम दी गई है। कैमोर थाना पुलिस का कहना है कि बैंक ट्रांजेक्शन और यूपीआई आईडी की तकनीकी जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का दावा किया जा रहा है। वहीं पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध लिंक, कॉल या यूपीआई रिक्वेस्ट पर बिना जांच भरोसा न करें।