भक्ति और श्रद्धा के संग गूंजेगी श्रीमद् भागवत कथा ज्ञानयज्ञ की मधुर रसधारा
भक्ति और श्रद्धा के संग गूंजेगी श्रीमद् भागवत कथा ज्ञानयज्ञ की मधुर रसधारा
कटनी। पुरूषोत्तम मास के पावन अवसर पर धार्मिक नगरी एक बार फिर भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर होने जा रही है। श्री श्री 1008 सिद्ध पीठ दक्षिण मुखी बड़े हनुमान जी मंदिर के तत्वावधान में भव्य श्रीमद् भागवत कथा ज्ञानयज्ञ का आयोजन 27 मई से 6 जून 2026 तक किया जाएगा। यह दिव्य आयोजन श्री जगन्नाथ मंदिर प्रांगण, जगन्नाथ चौक में प्रतिदिन संध्या 5 बजे से हरि इच्छा तक आयोजित होगा। कथा व्यास के रूप में वृंदावन धाम से पधार रही सुप्रसिद्ध प्रवचनकर्ता देवी कृष्ण वल्लभा जी अपनी मधुर वाणी से श्रद्धालुओं को श्रीमद् भागवत कथा का रसपान कराएंगी। वहीं प्रेरणास्त्रोत के रूप में आनंद महाराज जी की विशेष उपस्थिति आयोजन को और अधिक आध्यात्मिक ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।
आयोजन समिति द्वारा जानकारी दी गई कि कथा प्रारंभ से पूर्व 27 मई को शाम 5 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो दक्षिण मुखी बड़े हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरेगी। शोभायात्रा में भजन मंडलियां, श्रद्धालु एवं धार्मिक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। कार्यक्रम के समापन अवसर पर 6 जून 2026 को हवन एवं विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा। हवन प्रातः 11 बजे एवं भंडारा दोपहर 1 बजे से प्रारंभ होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
आयोजन समिति ने धर्मप्रेमी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है। साथ ही नि:शुल्क यजमान बनने हेतु संपर्क नंबर भी जारी किए गए हैं।
पूरा क्षेत्र इन दिनों धार्मिक सजावट, भक्ति संगीत और आध्यात्मिक उल्लास से भक्तिमय वातावरण में रंगने लगा है। श्रद्धालुओं में इस भव्य आयोजन को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है।