सुशासन तिहार: शिविर में मांगो-शिकायतों की समाधान के साथ ही बड़ी संख्या में हितग्राहियों को किया गया लाभान्वित
*सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के साथ काम कर रही है सरकार: विधायक*
*गलत प्रस्ताव पारित करने वाले सरपंच-सचिव के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने कलेक्टर ने दिए निर्देश*
*ग्राम बंधौरी, भस्कुरा एवं दर्री में एक सप्ताह के भीतर स्थापित होगा नया हैन्डपंप*
गौरेला पेंड्रा मरवाही, 22 मई 2026/जनमानस की विभिन्न मांगो एवं शिकायतों का समाधान करने और जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी तथा हितग्राही मूलक योजनाओं से लाभान्वित करने के उददेश्य से आयोजित हो रहे सुशासन तिहार के अंतर्गत आज मरवाही विकासखण्ड के खंता पंचायत के ग्राम सपनी में जन समस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 18 ग्राम पंचायतों-बगड़ी, बंधौरी, बरवासन, भस्कुरा, दर्री, धनपुर, डोंगरिया, गुदुमदेवरी, गुम्माटोला, खंता, कोटखर्रा, लटकोनीखुर्द, महोरा, मझगंवा, मसुरीखार, मेंदुका, पड़खुरी एवं पिपरिया पंचायत के ग्रामीणजन उपस्थित हो कर शिविर का लाभ उठाया।
शिविर में विभिन्न राजस्व मामलों के साथ ही आवास, शौचालय, डबरी निर्माण, सीसी रोड, पशु शेड, राशन कार्ड सहित विभिन्न मांगों एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। विधायक श्री प्रणव कुमार मरपची, कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन, जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री समीरा पैकरा एवं उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों के समक्ष विभागवार प्राप्त आवेदनों एवं निराकरण की स्थिति से आवेदकों को अवगत कराया गया। विधायक ने ग्रामीणों की मांग पर ग्राम बंधौरी के वार्ड नंबर 10, ग्राम भस्कुरा मरघट के पास एवं ग्राम दर्री में स्कूल पारा में एक सप्ताह के भीतर नया हैन्ड पंप स्थापित करने के निर्देश कार्यपालन अभियंता पीएचई विभाग को दिए।
विधायक श्री मरपची ने कहा कि ग्रामीणों की सुविधा के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा पूरे प्रदेश में सुशासन तिहार के अंतर्गत जन समस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री स्वयं शिविरों में पहुचकर जनमानस की मांगो एवं शिकायतों का समाधान कर रहे हैं। केन्द्र और राज्य में संवेदनशील सरकार द्वारा सबका साथ, सबका विकास एवं सबका विश्वास के साथ आगे बढ़ रही है। सरकार द्वारा किसानों, महिलाओं, बच्चों सहित समाज के सभी वर्गों की खुशहाली और बेहतरी के लिए अनेक योजनाएं लागू कर जमीनी स्तर पर क्रियान्वित किया जा रहा है।
कलेक्टर ने मंच से कुछ आवेदकों के नाम पुकार कर उनके द्वारा की गई मांगों के समाधान से अवगत कराया। उन्होंने ग्राम पंचायत मगुरदा के आवेदकों द्वारा जिन्दा व्यक्ति को मृत बताकर फौती नामांतरण से संबंधित शिकायत के संबंध में कहा कि यह आवेदन एक साल पुराना है। तहसील कार्यालय के आदेश से संतुष्ट नहीं होने पर एसडीएम कार्यालय में अपील कर सकते हैं, सुनवाई का अवसर दिया जाएगा। साथ ही जिस पंचायत द्वारा जिन्दा आदमी को मृत होने का प्रस्ताव पारित किया है, उस सरपंच एवं सचिव के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने जिला पंचायत सीईओ को निर्देश दिए।
विधायक, कलेक्टर एवं जनप्रतिनिधियों ने शिविर में लगाए गए सभी विभागीय स्टालों का अवलोकन किया और ड्राईविंग लाइसेंस, आयुषमान कार्ड, दवा वितरण, शुगर, बीपी जांच, महतारी वंदन योजना के हितग्राहियो का ई-केवाईसी, श्रमिक पंजीयन, ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्व सहायता समूहों की उत्पादों की प्रदर्शनी आदि गतिविधियों का अवलोकन किया और विभागों से जानकारी प्राप्त किए। शिविर में चार गर्भवती महिलाओं की गोद भराई एवं पांच बच्चों का अन्न प्राशन कराया गया। राजस्व विभाग द्वारा 24 किसानों को किसान किताब, 43 किसानों को बी-1 खसरा प्रदान किया गया।
इसी तरह लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा ग्राम पंचायत खंता एवं बरवासन को नल जल योजना का पूर्णता प्रमाण पत्र एवं चार प्लंबरों को नियुक्ति पत्र दिया गया। साथ ही विभिन्न योजनाओं के तहत आयुषमान कार्ड, सिकलसेल कार्ड, छड़ी, पीएम आवास की चाबी एवं प्रमाण पत्र, मूंग बीज, जाल एवं क्रेटर, लर्निंग लाईसेंस, नोनी सुरक्षा एवं सुकन्या योजना के तहत बांॅड पत्र एवं सहायक राशि का चेक वितरित किया गया। विधायक ने सभी को बाल विवाह मुक्त जिला एवं प्रदेश बनाने की शपथ दिलाई।