कलेक्टर का सख्त आदेश नहीं बचेंगे खनिज माफिया, खनिज विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई 7 वाहन जब्त, खनिज माफियाओं में मचा हड़कंप
अवैध खनिज परिवहन के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई, 7 वाहन जब्त खनिज माफियाओं में हड़कंप, अवैध गतिविधियों पर प्रशासन की सख्त नजर
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 02 जून 2026/कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन के सख्त निर्देशों के पालन में जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खनिज विभाग द्वारा मरवाही क्षेत्र के पीपरडोल एवं दुपटिया क्षेत्र में रेत एवं गिट्टी का अवैध परिवहन करते पाए गए 7 वाहनों को जब्त किया गया है। सहायक खनि अधिकारी श्री आदित्य मानकर ने बताया कि कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जा रही है तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जा रही है।
जब्त किए गए वाहन मालिकों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21(1), 21(5) एवं 23(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि संबंधित वाहन निर्धारित अर्थदंड एवं समझौता राशि खनिज मद में जमा कराने के उपरांत ही मुक्त किए जाएंगे।
कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने स्पष्ट किया है कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण जैसी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई में सहायक खनि अधिकारी श्री आदित्य मानकर, खनि निरीक्षक श्री सुजीत कंवर, नगर सैनिक श्री सतीश साहू एवं श्री साहिब गनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।