संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू

0

कटनी में संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू
कटनी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत कार्यरत संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर मंगलवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ शाखा कटनी के जिला अध्यक्ष इंद्र कुमार बाजपेई के नेतृत्व में जिले भर के कर्मचारी आंदोलन में शामिल हुए।
संघ के अनुसार प्रदेश के लगभग 32 हजार संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी वर्षों से स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन कर रहे हैं, लेकिन नियमितीकरण सहित अन्य मांगों पर अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में नियमितीकरण, एनपीएस एवं स्वास्थ्य बीमा सुविधा, 10 प्रतिशत वार्षिक वेतन वृद्धि, महंगाई भत्ता, वेतन विसंगतियों का निराकरण तथा नियमित कर्मचारियों के समान सुविधाएं शामिल हैं।
कर्मचारियों ने बताया कि मांगों को लेकर पूर्व में काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन, ज्ञापन सौंपने और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात जैसे चरणबद्ध आंदोलन किए गए थे। मांगें पूरी नहीं होने पर अब उन्होंने ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों प्रकार के कार्यों का बहिष्कार करते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द मांगों का निराकरण नहीं हुआ तो 8 जून को भोपाल में मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा। साथ ही राज्य कर्मचारी संघ और अन्य संगठनों से भी आंदोलन को समर्थन देने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *