विश्व पर्यावरण दिवस पर विकास और हरियाली का संगम, 29.48 लाख के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन
विश्व पर्यावरण दिवस पर विकास और हरियाली का संगम, 29.48 लाख के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन
कटनी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर निगम कटनी ने विकास और पर्यावरण संरक्षण के समन्वय का संदेश देते हुए बाबू जगमोहन दास वार्ड स्थित गोवर्धन धाम कॉलोनी में लगभग 29.48 लाख रुपये की लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। कार्यक्रम में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, क्षेत्रीय पार्षद एवं मेयर इन काउंसिल सदस्य जयनारायण निषाद सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
भूमिपूजन के तहत कॉलोनी में 13.66 लाख रुपये की लागत से सीसी नाली तथा 15.82 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड का निर्माण कराया जाएगा। इन कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था सुदृढ़ होगी तथा नागरिकों को आवागमन में बेहतर सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर नागरिकों को अधिकाधिक वृक्षारोपण करने और हरित वातावरण के निर्माण में सहभागिता निभाने का संदेश भी दिया गया।
महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि नगर के विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण भी समान रूप से आवश्यक है। नगर निगम नागरिक सुविधाओं के विस्तार के साथ हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
क्षेत्रीय पार्षद एवं मेयर इन काउंसिल सदस्य जयनारायण निषाद ने कहा कि वार्ड की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए लगातार विकास कार्य स्वीकृत कराए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इन निर्माण कार्यों से क्षेत्रवासियों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और मूलभूत सुविधाएं और अधिक मजबूत होंगी।
कार्यक्रम में मेयर इन काउंसिल सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, पार्षद शकुंतला सोनी, सीमा श्रीवास्तव, पूर्व पार्षद पार्वती निषाद, मछुआरा संघ के प्रदेश संयोजक श्याम निषाद सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। क्षेत्रवासियों ने जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया।