रेत माफिया का तांडव मूक जानवर को रौंदा, ग्रामीणों ने वाहन दबोचा 

0
उमरिया। जिले में खनिज माफिया के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब वे मूक पशुओं को रौंदने से भी बाज नहीं आ रहे। ताज़ा मामला पाली थाना अंतर्गत घुनघुटी चौकी के ग्राम भौतरा (बलबई) का है, जहां बीती रात सोन नदी से अवैध रेत उत्खनन में लगी एक बिना नंबर की मिनी डग्गी ने एक बकरी को बेरहमी से कुचल दिया।
ग्रामीणों ने घेरा, पुलिस ने फेरा मुंह
घटना रात करीब 3 से 4 बजे की है। रेत से लदी डग्गी द्वारा बकरी को रौंदे जाने के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने वाहन को मौके पर ही धर दबोचा। ताज्जुब की बात यह है कि ग्रामीणों द्वारा 100 डायल को सूचना देने और वाहन खड़ा कराने के बावजूद पुलिस प्रशासन ने कोई सख्त कार्यवाही करने की जहमत नहीं उठाई। पुलिस की यह शिथिलता साफ इशारा करती है कि खाकी और रेत माफिया के बीच सांठगांठ की जड़ें कितनी गहरी हैं।

शहडोल तक फैला नेटवर्क
हैरानी इस बात पर भी है कि शहडोल जिले में रेत खदानें बंद होने के बावजूद निर्माण कार्य निर्बाध रूप से जारी हैं। बिना नंबर के ये यमदूत खनिज कार्यालय के सामने से सीना तानकर गुजरते हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी कुंभकर्णी नींद में सोए हैं। घुनघुटी चौकी अंतर्गत रात के अंधेरे में सोन नदी का जो चीरहरण हो रहा है, उसने प्रशासन के जीरो टॉलरेंस के दावों की पोल खोलकर रख दी है। यदि समय रहते इन पर नकेल नहीं कसी गई, तो ग्रामीण उग्र आंदोलन के लिए विवश होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed