सेफ क्लिक 2.0: खिचकिड़ी पहुंची मानपुर पुलिस, साइबर ठगी से बचाव के बताए आसान उपाय

0
(जय प्रकाश शर्मा)
मानपुर। साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा संचालित “साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान  सेफ क्लिक 2.0” के तहत थाना मानपुर पुलिस ने नगर परिषद मानपुर के वार्ड क्रमांक 15 स्थित खिचकिड़ी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी के नए-नए तरीकों से सतर्क रहने और डिजिटल सुरक्षा के उपायों की विस्तार से जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित नागरिकों को फर्जी बैंक कॉल, ओटीपी और यूपीआई फ्रॉड, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग, डिजिटल अरेस्ट, संदिग्ध लिंक और अन्य साइबर अपराधों के बारे में जागरूक करते हुए बताया कि थोड़ी-सी सतर्कता उन्हें बड़ी आर्थिक हानि से बचा सकती है। लोगों से अपील की गई कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ बैंक खाता, एटीएम, ओटीपी, सीवीवी, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें और किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करने या www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी। अधिकारियों ने बताया कि समय पर शिकायत करने से ठगी गई राशि वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है।
इस अवसर पर थाना प्रभारी मानपुर उपनिरीक्षक मुकेश मर्सकोले, आरक्षक सचिन पाटीदार, महेंद्र पटेल, प्रदीप सिंह, राजेंद्र साहू तथा महिला आरक्षक रागिनी उपस्थित रहीं। पुलिस टीम ने ग्रामीणों से स्वयं जागरूक रहने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता कर साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। ग्रामीण अंचलों तक डिजिटल सुरक्षा का संदेश पहुंचाने की दिशा में थाना मानपुर पुलिस की यह पहल प्रभावी और सराहनीय मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed