मोहर्रम पर्व को लेकर पुलिस अलर्ट नगर पुलिस अधीक्षक ने की पुलिस बल की ब्रीफिंग, दिए सुरक्षा के अहम निर्देश
मोहर्रम पर्व को लेकर पुलिस अलर्ट नगर पुलिस अधीक्षक ने की पुलिस बल की ब्रीफिंग, दिए सुरक्षा के अहम निर्देश
कटनी। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया ने पुलिस बल की विशेष ब्रीफिंग कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
ब्रीफिंग के दौरान 24 एवं 25 जून को आयोजित होने वाले अलीगोल, ताजिया, अखाड़ा एवं सवारी जुलूसों के निर्धारित मार्ग, ड्यूटी पॉइंट एवं सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत जानकारी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दी गई। साथ ही सभी को सतर्कता, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निर्वहन करने के निर्देश दिए गए। नगर पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने ड्यूटी स्थल पर समय पर उपस्थित रहें तथा जुलूस मार्गों पर लगातार निगरानी बनाए रखें। उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने, किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने और संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। इसके साथ ही आमजन से सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने, अफवाहों पर प्रभावी नियंत्रण रखने एवं विभिन्न विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया गया।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि मोहर्रम पर्व के दौरान शांति, अनुशासन एवं आपसी भाईचारे की भावना बनाए रखें तथा किसी भी भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें।