रेत माफियाओं के अवैध उत्खनन पर कड़ा एक्शन, रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त,ढीमरखेड़ा और विजयराघवगढ़ पुलिस की कार्रवाई रात के अंधेरे में चल रहा था रेत का खेल
रेत माफियाओं के अवैध उत्खनन पर कड़ा एक्शन, रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त,ढीमरखेड़ा और विजयराघवगढ़ पुलिस की कार्रवाई रात के अंधेरे में चल रहा था रेत का खेल
कटनी।। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए लगातार कार्रवाई शुरू कर दी है। बीते दो दिनों में ढीमरखेड़ा और विजयराघवगढ़ पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में सक्रिय अवैध रेत कारोबारियों के खिलाफ बड़ी चेतावनी माना जा रहा है।
दिनांक 26 जून 2026 को थाना ढीमरखेड़ा पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम महदेई मंदिर, दशरमन क्षेत्र से अवैध रूप से रेत परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक महिमा रघुवंशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान मेन रोड पर महिंद्रा एवं स्वराज कंपनी के दो ट्रैक्टर-ट्रॉली रेत से भरे हुए पाए गए। पुलिस ने दोनों वाहनों को रोककर चालकों से दस्तावेज मांगे, लेकिन वे वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
पूछताछ में चालकों ने अपने नाम रामकिशोर पिता सुशील लोधी तथा मोहन उर्फ बड्डू पटेल निवासी दशरमन बताए। पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई करते हुए दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर लिए तथा इस्तगासा क्रमांक 05/26 एवं 06/26 के तहत धारा 106 बीएनएसएस में कार्रवाई की। इधर विजयराघवगढ़ पुलिस ने भी अवैध रेत कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कटनी नदी के बकठा घाट क्षेत्र में रेत से भरा ट्रैक्टर जब्त किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि नदी से अवैध रूप से रेत निकालकर ट्रॉली में भरकर परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी अभिषेक चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान एक बिना नंबर का ट्रैक्टर रेत से भरी ट्रॉली के साथ मिला। चालक से परिवहन संबंधी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन कोई वैधानिक अनुमति प्रस्तुत नहीं की गई। इसके बाद पुलिस ने वाहन को जब्त करते हुए धारा 106 बीएनएसएस एवं धारा 4/21 खनन अधिनियम के तहत कार्रवाई की। जिले में लगातार हो रही पुलिस कार्रवाई से अवैध उत्खनन और परिवहन में लगे लोगों में हड़कंप की स्थिति है। प्रशासनिक स्तर पर संकेत साफ हैं कि प्राकृतिक संसाधनों की चोरी और अवैध खनन को लेकर अब सख्ती बढ़ाई जाएगी।