एक गलती और खाली हो सकता है खाता, पुलिस ने बताया बचाव का तरीका सेफ क्लिक 2.0 अभियान: कैल्डेरिस फैक्ट्री में गूंजा साइबर सुरक्षा का संदेश, सतर्कता ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच

0

एक गलती और खाली हो सकता है खाता, पुलिस ने बताया बचाव का तरीका
सेफ क्लिक 2.0 अभियान: कैल्डेरिस फैक्ट्री में गूंजा साइबर सुरक्षा का संदेश, सतर्कता ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच
कटनी।। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित राज्य स्तरीय विशेष साइबर जागरूकता अभियान सेफ क्लिक 2.0 के चौथे दिवस जिले में व्यापक स्तर पर नागरिकों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में कैल्डेरिस समूह में विशेष साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर कर्मचारियों एवं अधिकारियों को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।
यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अभियान के नोडल अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य डिजिटल माध्यमों के बढ़ते उपयोग के बीच साइबर अपराधों के प्रति सजगता और सुरक्षा व्यवहार को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराधी केवल तकनीक का नहीं बल्कि लोगों की भावनाओं, भय, लालच और जल्दबाजी का भी फायदा उठाकर आर्थिक ठगी को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने कर्मचारियों को सतर्क करते हुए कहा कि किसी भी अनजान कॉल, वीडियो कॉल, ई-मेल, लिंक या मोबाइल एप पर बिना सत्यापन विश्वास न करें।
उन्होंने कर्मचारियों को मजबूत पासवर्ड बनाने, मोबाइल और सोशल मीडिया खातों में टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) सक्रिय करने तथा केवल अधिकृत वेबसाइट और एप के माध्यम से ऑनलाइन लेन-देन करने की सलाह दी। कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें अथवा www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने सरल और व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समाधान किया। अंत में उपस्थित सभी कर्मचारियों ने स्वयं जागरूक रहने तथा अपने परिवार, सहकर्मियों और समाज को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में सीएसपी श्रीमती नेहा पच्चीसिया, डीएसपी अजाक सुश्री शिवा पाठक एवं थाना प्रभारी माधवनगर संजय दुबे भी उपस्थित रहे।
एक क्लिक की सतर्कता, लाखों की सुरक्षा सोचें, समझें और फिर क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed