मजदूरी मांगने पर धमकी देने का आरोप, मजदूर ने इंटक कार्यालय में दी लिखित शिकायत

0

 

 

गौरेला। नगर पालिका क्षेत्र वार्ड क्रमांक 15 में मजदूरी भुगतान को लेकर एक मामला सामने आया है। वार्ड निवासी नरेंद्र सोनकर पिता किशोर सोनकर पर आरोप है कि उन्होंने नल फिटिंग का कार्य कराने के बाद मजदूर को पूर्ण मजदूरी का भुगतान नहीं किया और पैसे मांगने पर धमकी दी।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विनोद कुमार सोनी ने नरेंद्र सोनकर के यहां नल फिटिंग का पूरा कार्य किया था। कार्य पूर्ण होने के बाद कुल हिसाब 73,620 रुपये बताया गया, जिसमें से 27,000 रुपये का भुगतान किया गया। आरोप है कि शेष राशि एक सप्ताह में देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन मजदूर को कई वर्षों तक भुगतान के लिए टालमटोल किया जाता रहा।

 

बताया जा रहा है कि दो दिन पूर्व जब विनोद सोनी ने बकाया राशि की मांग की, तो नरेंद्र सोनकर ने कथित रूप से कहा कि “जहां शिकायत करना है कर देना, मैं तेरा पैसा नहीं दूंगा” और उसे धमकाया। इससे परेशान होकर विनोद सोनी ने जिला कार्यालय राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।

 

शिकायत प्राप्त होने के बाद इंटक प्रदेश सचिव एवं जिला अध्यक्ष इदरीस अंसारी ने मजदूर को आश्वासन दिया कि मामले की जानकारी तीन दिनों के भीतर दी जाएगी और उसके खून-पसीने की कमाई किसी को खाने नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इंटक की टीम दूसरे पक्ष की भी जानकारी जुटाएगी तथा उन्हें अपना पक्ष रखने के लिए दो दिनों के भीतर जिला कार्यालय बुलाया जाएगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

 

इदरीस अंसारी ने कहा कि मजदूरों की मेहनत की कमाई मारने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने मीडिया को बताया कि इंटक परिवार इस मामले में पुलिस अधीक्षक से मिलकर भी उचित कार्रवाई की मांग करेगा, ताकि भविष्य में किसी मजदूर के साथ इस प्रकार का अन्याय न हो।

 

इंटक अध्यक्ष ने यह भी कहा कि जिला कार्यालय खुलने के बाद से संगठन लगातार मजदूरों के अधिकारों की रक्षा और उन्हें न्याय दिलाने के लिए कार्य कर रहा है।

 

अब देखना यह होगा कि शिकायत की जांच के बाद नरेंद्र सोनकर के खिलाफ क्या कार्रवाई होती है और मजदूर विनोद सोनी को उसकी बकाया मजदूरी कब तक प्राप्त होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!