अवैध कॉलोनाइजरों पर निगम का सख्त प्रहार, आयुक्त तपस्या परिहार की जीरो टॉलरेंस नीति का दिखा असर दो अवैध कॉलोनियों में बुलडोजर कार्रवाई, नियम तोड़ने वालों को सख्त संदेश; नागरिकों से वैध कॉलोनी में ही निवेश की अपील
अवैध कॉलोनाइजरों पर निगम का सख्त प्रहार, आयुक्त तपस्या परिहार की जीरो टॉलरेंस नीति का दिखा असर
दो अवैध कॉलोनियों में बुलडोजर कार्रवाई, नियम तोड़ने वालों को सख्त संदेश; नागरिकों से वैध कॉलोनी में ही निवेश की अपील
कटनी।। नगर में बिना अनुमति विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। निगम प्रशासन ने मंगलवार को दो अलग-अलग स्थानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध कॉलोनियों में बनाई जा रही सड़क, बाउंड्रीवॉल और अन्य निर्माणों को जेसीबी की सहायता से ध्वस्त कर दिया।
निगम प्रशासन का कहना है कि शहर के सुनियोजित विकास और नागरिकों के हितों की रक्षा के लिए अवैध प्लाटिंग एवं अनधिकृत कॉलोनियों पर किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी। पूर्व में नोटिस जारी किए जाने के बावजूद नियमों की अनदेखी कर निर्माण कार्य जारी रखने पर यह कार्रवाई की गई।
कालोनी सेल प्रभारी एवं कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह के अनुसार, कुठला स्थित बिरसा मुंडा वार्ड और रफी अहमद किदवई वार्ड में बिना निगम की वैध स्वीकृति के कॉलोनी विकसित की जा रही थी। शिकायतों और नोटिस के बाद भी कार्य बंद नहीं किया गया, जिसके चलते निगम अमले ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई की।
निगमायुक्त तपस्या परिहार ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शहर में अवैध कॉलोनाइजरों के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक एवं आपराधिक कार्रवाई भी की जाएगी।
साथ ही निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्लॉट को खरीदने से पहले संबंधित कॉलोनी की वैधता, स्वीकृत लेआउट एवं निगम की अनुमति की जांच अवश्य करें। इससे भविष्य में आर्थिक नुकसान और कानूनी परेशानियों से बचा जा सकता है।
नगर निगम की बड़ी कार्रवाई…आयुक्त तपस्या परिहार की जीरो टॉलरेंस नीति… दो अवैध कॉलोनियों पर चला बुलडोजर…नियम तोड़ने वालों को सख्त चेतावनी… वैध कॉलोनी में ही निवेश करने की निगम की अपील।