रक्षाबंधन और सावन पर कटनी प्रधान डाकघर की विशेष सुविधा, शुरू होगा स्पेशल राखी काउंटर विदेश भेजी जाएगी ट्रैकिंग वाली राखी, गंगोत्री का पवित्र गंगाजल भी डाकघर में उपलब्ध
रक्षाबंधन और सावन पर कटनी प्रधान डाकघर की विशेष सुविधा, शुरू होगा स्पेशल राखी काउंटर
विदेश भेजी जाएगी ट्रैकिंग वाली राखी, गंगोत्री का पवित्र गंगाजल भी डाकघर में उपलब्ध
कटनी।। रक्षाबंधन और सावन माह के पावन अवसर पर प्रधान डाकघर ने नागरिकों की सुविधा के लिए विशेष सेवाएं शुरू करने की घोषणा की है। भाई-बहन के अटूट प्रेम के पर्व को देखते हुए डाकघर में स्पेशल राखी काउंटर स्थापित किया जाएगा, जहां राखी की बुकिंग, पैकिंग और डाक संबंधी सभी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी।
डाक विभाग ने बताया कि देश के साथ-साथ विदेशों में रहने वाले भाई-बहनों तक भी समय पर और सुरक्षित राखी पहुंचाने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। विदेश में राखी भेजने वाले ग्राहकों के लिए निःशुल्क पिकअप सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। इसके लिए ग्राहक व्हाट्सएप नंबर 7587598077 पर अपना नाम और पता भेजकर सेवा का लाभ उठा सकते हैं। निर्धारित शर्तों के अनुसार डाक विभाग घर या कार्यालय से ही राखी एवं पार्सल का संग्रह करेगा।
इसके अलावा, इंटरनेशनल ट्रैक्ड पैकेट सर्विस (ITPS) के माध्यम से कम लागत में ट्रैकिंग सुविधा के साथ कई देशों में राखी भेजने की व्यवस्था भी उपलब्ध है, जिससे पार्सल की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा सकेगी। सावन माह में श्रद्धालुओं की आस्था को ध्यान में रखते हुए कटनी प्रधान डाकघर में गंगोत्री धाम का पवित्र गंगाजल भी उपलब्ध कराया गया है। श्रद्धालु यहां से गंगाजल प्राप्त कर भगवान शिव का जलाभिषेक कर सकते हैं। डाक विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि रक्षाबंधन के दौरान अंतिम समय की भीड़ से बचने और समय पर डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए अपनी राखी और उपहार समय रहते बुक कराएं तथा भारतीय डाक की सुरक्षित और विश्वसनीय सेवाओं का लाभ उठाएं।
रक्षाबंधन पर कटनी प्रधान डाकघर की विशेष पहल… स्पेशल राखी काउंटर शुरू… विदेश भेजने के लिए फ्री पिकअप सुविधा… सावन में गंगोत्री का पवित्र गंगाजल भी उपलब्ध।