पुलिस का विशेष सुरक्षा अभियान, राजपत्रित अधिकारियों ने संभाली कमान शैडो एरिया, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और सार्वजनिक स्थानों पर सघन चेकिंग, संदिग्धों व शराब पीने वालों पर कार्रवाई
पुलिस का विशेष सुरक्षा अभियान, राजपत्रित अधिकारियों ने संभाली कमान
शैडो एरिया, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और सार्वजनिक स्थानों पर सघन चेकिंग, संदिग्धों व शराब पीने वालों पर कार्रवाई
कटनी। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा विशेष सुरक्षा अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान में राजपत्रित पुलिस अधिकारियों ने स्वयं मैदान में उतरकर पुलिस बल का नेतृत्व किया और विभिन्न थाना क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अभियान के दौरान जिले के सभी थाना क्षेत्रों में बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, बाजार, पार्क, सुनसान एवं शैडो एरिया सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर सघन चेकिंग एवं फ्रिस्किंग की गई। पुलिस टीमों ने देर रात तक सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक रूप से घूम रहे व्यक्तियों तथा संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त प्रतीत होने वाले लोगों से पूछताछ कर उनकी पहचान का सत्यापन किया। साथ ही आवश्यक दस्तावेजों की जांच करने के साथ उनके पास मौजूद सामान की भी तलाशी ली गई।
पुलिस ने अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन कर शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले लोगों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की। इसके अलावा संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच कर अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
कटनी पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने तथा नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।