जनहित के कार्यों में नहीं चलेगी ढिलाई, निगमायुक्त ने अधिकारियों को दी कड़ी हिदायत हाउस कनेक्शन और रोड रेस्टोरेशन में लापरवाही पर नोटिस के निर्देश, योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा

0

जनहित के कार्यों में नहीं चलेगी ढिलाई, निगमायुक्त ने अधिकारियों को दी कड़ी हिदायत
हाउस कनेक्शन और रोड रेस्टोरेशन में लापरवाही पर नोटिस के निर्देश, योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा
कटनी।। नगर निगम कार्यालय में आयोजित समय-सीमा बैठक में निगमायुक्त तपस्या परिहार ने विभागीय कार्यों, सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई, शासकीय योजनाओं तथा विकास कार्यों की साप्ताहिक प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासकीय कार्यों में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को समयबद्ध और परिणाममुखी कार्यशैली अपनाने पर जोर दिया।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों, विशेषकर 50 दिन से अधिक समय से लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई। निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण कर पोर्टल पर समय पर जानकारी अपडेट की जाए। साथ ही टीएल पत्रों और महापौर जनसुनवाई के लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के निर्देश भी दिए।
अमृत योजना के तहत चल रहे सीवरेज एवं पेयजल परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान हाउस सर्विस कनेक्शन और रोड रेस्टोरेशन कार्य की धीमी गति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित ठेकेदारों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। निगमायुक्त ने उपयंत्री मृदुल श्रीवास्तव को सड़क मरम्मत कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, सड़क का लेवल सही रखने तथा वर्षा जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में शहर की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, जर्जर भवनों एवं शासकीय विद्यालयों के डिस्मेंटल कार्य की भी समीक्षा की गई। निगमायुक्त ने कहा कि नागरिकों के जीवन और संपत्ति की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए फायर सेफ्टी मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए तथा खतरनाक भवनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रखी जाए।
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, संबल योजना, समग्र ई-केवाईसी, डिजिटल जीवन प्रमाणन सहित विभिन्न हितग्राही योजनाओं की समीक्षा करते हुए निगमायुक्त ने लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण और निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने आईएचएसडीपी आवास योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को प्राथमिकता के आधार पर भवन आवंटित करने के निर्देश भी दिए।
सफाई व्यवस्था की समीक्षा के दौरान वर्षा ऋतु को देखते हुए जल निकासी की नियमित मॉनिटरिंग, जलभराव की शिकायतों के त्वरित निराकरण तथा शहर में घूम रहे आवारा मवेशियों के विरुद्ध हांका अभियान तेज करने के निर्देश स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी को दिए गए।
बैठक में पौधारोपण अभियान, ट्रांसपोर्ट नगर, जल गंगा संवर्धन अभियान, स्वच्छ सर्वेक्षण, ई-ऑफिस संचालन, जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन, न्यायालयीन प्रकरणों सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की भी समीक्षा की गई। निगमायुक्त ने कहा कि प्रत्येक अधिकारी तय समय-सीमा में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, ताकि आम नागरिकों को शासकीय योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
बैठक में उपायुक्त शैलेश गुप्ता, प्रियंका झारिया, कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह, राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक, स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!