नशे के खिलाफ पुलिस की जागरूकता दौड़, युवाओं ने लिया नशामुक्त समाज का संकल्प

0

नशे के खिलाफ पुलिस की जागरूकता दौड़, युवाओं ने लिया नशामुक्त समाज का संकल्प
कटनी। मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन में चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 जन-जागरूकता अभियान के तहत कटनी पुलिस ने फॉरेस्टर प्लेग्राउंड से मिशन चौक तक विशाल जागरूकता मैराथन का आयोजन किया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करना रहा।


कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य ने किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं और नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार, समाज और भविष्य को प्रभावित करता है। उन्होंने सभी से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।


मैराथन में साधुराम हायर सेकेंडरी स्कूल, बाडस्ले हायर सेकेंडरी स्कूल एवं कन्या शाला पुरवार के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने नशे से दूरी है ज़रूरी, नशा मुक्त हो मध्य प्रदेश, स्वस्थ युवा, सशक्त भारत और भारत माता की जय जैसे नारों के साथ शहरवासियों को नशामुक्त समाज का संदेश दिया। मार्ग में मौजूद नागरिकों ने भी अभियान का स्वागत किया।


मैराथन के समापन पर फॉरेस्टर प्लेग्राउंड में छात्र-छात्राओं, पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मानव श्रृंखला बनाकर नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया। सभी प्रतिभागियों ने शपथ ली कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। इसके बाद प्रतिभागियों के लिए फल, मिष्ठान एवं पेयजल की व्यवस्था भी की गई।
इस अवसर पर थाना प्रभारी कोतवाली राखी पांडे, रक्षित निरीक्षक संध्या राजपूत, यातायात प्रभारी अनूप सिंह, शिक्षा विभाग के क्रीड़ा अधिकारी अनूप डांगीवाला, खेल विभाग की श्रद्धा पांडे, उमा चढ़ार, रेखा पटेल, सामाजिक न्याय विभाग के दिव्यांशु कुररिया सहित पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
कटनी पुलिस द्वारा नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 अभियान के अंतर्गत जिलेभर में लगातार जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं, ताकि युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाकर स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त मध्य प्रदेश के निर्माण में जनसहभागिता सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!