गुरु पूर्णिमा पर जिलेभर में उमड़ा आस्था का सैलाब, आश्रमों और मंदिरों में गूंजे गुरु वंदना के स्वर गुरु पूजन, प्रवचन, भजन-कीर्तन और भंडारों के बीच भक्तिमय माहौल, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया आशीर्वाद

0

गुरु पूर्णिमा पर जिलेभर में उमड़ा आस्था का सैलाब, आश्रमों और मंदिरों में गूंजे गुरु वंदना के स्वर
गुरु पूजन, प्रवचन, भजन-कीर्तन और भंडारों के बीच भक्तिमय माहौल, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया आशीर्वाद
कटनी।। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को कटनी जिला पूरी तरह श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के रंग में रंगा नजर आया। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक स्थित आश्रमों, मठों और मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। गुरु पूजन, चरण वंदना, रुद्राभिषेक, सुंदरकांड पाठ, भजन-कीर्तन, आध्यात्मिक प्रवचन, महाआरती और विशाल भंडारों के आयोजन के बीच पूरे जिले में गुरु-शिष्य परंपरा का अनुपम संगम देखने को मिला।
दद्दा धाम में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब


गुरु पूर्णिमा पर सबसे अधिक श्रद्धालुओं की भीड़ दद्दा धाम में देखने को मिली। ब्रह्मलीन परम पूज्य पं. देव प्रभाकर शास्त्री ‘दद्दा जी’ की पावन स्मृति में आयोजित गुरु पूर्णिमा महोत्सव डॉ. अनिल शास्त्री, डॉ. सुनील त्रिपाठी एवं पं. नीरज शास्त्री के सानिध्य में संपन्न हुआ। समाधि स्थल पर दर्शन के लिए सुबह से लंबी कतारें लगी रहीं। पार्थिव शिवलिंग निर्माण, महारुद्राभिषेक, गुरु पूजन और महाआरती में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरा धाम “हर-हर महादेव” और “दद्दा जी” के जयघोषों से गूंज उठा।
भरभरा आश्रम में गुरु भक्ति की अनुपम छटा


स्लीमनाबाद-पान उमरिया मार्ग स्थित भरभरा आश्रम में परम कृपालु श्री 1008 बनवारी दास जी महाराज के सानिध्य में गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। श्रद्धालुओं ने गुरु चरणों में नमन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। आश्रम में गुरु पूजन, चरण वंदना, आध्यात्मिक प्रवचन और भजन-कीर्तन का क्रम दिनभर चलता रहा। कृपा पात्र सेवक रमाकांत पाठक ने बताया कि सुबह से शाम तक विशाल गुरु प्रसाद (भंडारा) का आयोजन किया गया, जिसमें दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
सिद्धधाम लोढ़ा पहाड़ में अलौकिक आध्यात्मिक वातावरण


श्री सिद्धधाम लोढ़ा पहाड़ आश्रम में परम पूज्य गुरुदेव भगवान अनंत विभूषित पूज्य संत जु महाराज के पावन सानिध्य एवं महंत श्री सीता शरण जी महाराज के मार्गदर्शन में गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धापूर्वक मनाया गया। श्रद्धालुओं ने गुरु पूजन, चरण वंदना, सत्संग, भजन-कीर्तन एवं आरती में भाग लेकर गुरु कृपा प्राप्त की। कृपा पात्र भक्त विवेक गोल्डन पांडे एवं सुनील मिश्रा ने बताया कि दिनभर श्रद्धालुओं का आगमन लगातार जारी रहा।
राधा भवन में वैदिक अनुष्ठानों के साथ मनाई गुरु पूर्णिमा


लक्ष्मी नारायण मंदिर रोड स्थित राधा भवन में परम पूज्य स्वामी श्री भूपनारायण जी महाराज एवं डॉ. बालेंदु जी महाराज के सानिध्य में गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धापूर्वक आयोजित किया गया। गणेश पूजन से प्रारंभ हुए कार्यक्रम में सुंदरकांड पाठ, गुरु पूजन, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन एवं महाआरती संपन्न हुई। आयोजक ऋषि चतुर्वेदी ने बताया कि धार्मिक अनुष्ठानों के बाद विशाल भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
जिलेभर के धार्मिक स्थलों पर हुए विविध आयोजन


चंडिका नगर स्थित मां चंडिका मंदिर में श्री श्री 1008 लहरी जी महाराज के सानिध्य में संगीतमय सुंदरकांड, गुरु पूजन एवं विशाल भंडारा आयोजित किया गया। हनुमत कुटी धाम (देवरी आश्रम) में संत श्री 1008 सुरेंद्र दास जी महाराज के सानिध्य में गुरु वंदन, सुंदरकांड पाठ एवं महाप्रसाद का आयोजन हुआ। वहीं बांधा इमलाज स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर (लघु वृंदावन धाम), कुठला महाकाली मंदिर सहित जिले के अनेक धार्मिक स्थलों पर भी श्रद्धालुओं ने गुरुजनों का पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
गुरु पूर्णिमा महोत्सव के दौरान पूरे जिले में भक्ति, सेवा, समर्पण और गुरु परंपरा के प्रति अटूट आस्था का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। दिनभर चले धार्मिक आयोजनों में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गुरुजनों का आशीर्वाद प्राप्त किया और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत होकर लौटे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!