बाहरी वाहनों से परिवहन पर ट्रक ऑनर एसोसिएशन की आपत्ति, किराया दरें बढ़ाने और कार्रवाई की मांग

0
शहडोल। जिले में परिवहन व्यवस्था को लेकर ट्रक ऑनर एसोसिएशन और ठेकेदारों के बीच विवाद गहराता नजर आ रहा है। शाहडोल ट्रक ऑनर एसोसिएशन ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया है कि स्थानीय ट्रक मालिकों की अनदेखी कर अन्य जिलों एवं राज्यों में पंजीकृत वाहनों से रैक प्वाइंट का परिवहन कराया जा रहा है। एसोसिएशन का कहना है कि इससे न केवल स्थानीय ट्रक मालिकों को आर्थिक नुकसान हो रहा है, बल्कि मोटर वाहन नियमों का भी उल्लंघन किया जा रहा है।
ज्ञापन में बताया गया है कि एसोसिएशन पिछले लगभग 40 वर्षों से शहडोल जिले में रैक प्वाइंट से गल्ला, सीमेंट एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं के परिवहन का कार्य कर रही है। एसोसिएशन के अनुसार वर्ष 2020 में जो परिवहन दरें तय की गई थीं, उन्हीं दरों पर अब तक कार्य किया जा रहा है। इस बीच डीजल, टायर, वाहन रखरखाव, टैक्स एवं अन्य खर्चों में लगातार वृद्धि हुई है, जिससे पुरानी दरों पर परिवहन करना आर्थिक रूप से संभव नहीं रह गया है। इसी कारण एसोसिएशन ने भाड़ा दरों में 30 प्रतिशत वृद्धि की मांग की है।
एसोसिएशन का आरोप है कि किराया दरों में वृद्धि को लेकर सहमति नहीं बनने पर कुछ ठेकेदारों द्वारा बाहरी जिलों एवं अन्य राज्यों के पंजीकृत वाहनों को लगाकर परिवहन कराया जा रहा है। इससे स्थानीय ट्रांसपोर्टरों और वाहन मालिकों के रोजगार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि इस प्रकार का परिवहन केंद्रीय मोटर वाहन नियम, 1989 तथा राष्ट्रीय परमिट की शर्तों के विपरीत है, जिसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए।
ट्रक ऑनर एसोसिएशन ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि जब तक भाड़ा दरों को लेकर उचित समाधान नहीं निकलता, तब तक बाहरी वाहनों से परिवहन कार्य पर रोक लगाने और स्थानीय वाहन मालिकों के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जाए। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि मांग पूरी नहीं होने तक परिवहन कार्य में असहयोग अथवा हड़ताल जैसी स्थिति बनी रह सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!