31 जुलाई को कटनी में लगेगा मेगा रोजगार मेला, 1773 पदों पर होगी भर्ती 8वीं से स्नातक तक के युवाओं के लिए सुनहरा अवसर, मौके पर ही साक्षात्कार और चयन
31 जुलाई को कटनी में लगेगा मेगा रोजगार मेला, 1773 पदों पर होगी भर्ती
8वीं से स्नातक तक के युवाओं के लिए सुनहरा अवसर, मौके पर ही साक्षात्कार और चयन
कटनी।। जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए 31 जुलाई का दिन रोजगार की नई उम्मीद लेकर आ रहा है। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी की पहल पर ‘युवा संगम रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेला’ का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें देश-प्रदेश की प्रतिष्ठित निजी कंपनियां 1773 रिक्त पदों पर भर्ती करेंगी।
यह रोजगार मेला 31 जुलाई को शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय, झिंझरी (जिला जेल के पीछे), कटनी में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होगा। मेले की सबसे बड़ी विशेषता यह होगी कि अभ्यर्थियों का साक्षात्कार और चयन मौके पर ही किया जाएगा, जिससे युवाओं को एक ही स्थान पर कई कंपनियों में रोजगार पाने का अवसर मिलेगा।
मेले में मशीन ऑपरेटर, अप्रेंटिस, फिटर, इलेक्ट्रीशियन, फील्ड डेवलपमेंट ऑफिसर, इंजीनियरिंग, सेल्स एग्जीक्यूटिव, प्लेसमेंट कोऑर्डिनेटर, एचआर, सिक्योरिटी गार्ड, सुपरवाइजर सहित विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी।
इन पदों के लिए 8वीं, 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा एवं स्नातक उत्तीर्ण युवक-युवतियां आवेदन कर सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता एवं पद के अनुसार ₹12 हजार से ₹30 हजार प्रतिमाह तक वेतन मिलने का अवसर मिलेगा।
रोजगार के साथ-साथ मेले में युवाओं को स्वरोजगार योजनाओं, अप्रेंटिसशिप और करियर मार्गदर्शन की भी जानकारी दी जाएगी, ताकि वे अपनी रुचि और कौशल के अनुरूप बेहतर भविष्य का चयन कर सकें।
प्रशासन ने जिले के अधिक से अधिक युवाओं से अपील की है कि वे अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ रोजगार मेले में पहुंचकर इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाएं।