भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ, जयघोष से गूंजा जगन्नाथ चौक

0

भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ, जयघोष से गूंजा जगन्नाथ चौक
कटनी।। बालाजी नगर स्थित पं. नीरज दुबे के निज निवास पुरवार स्कूल के सामने में शुक्रवार से श्रीमद्भागवत महापुराण कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा एवं वैदिक पूजन के साथ हुआ। प्रसिद्ध जगन्नाथ मंदिर से निकली विशाल कलश यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं, महिलाओं एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पूरे मार्ग में राधे-राधे, जय श्रीकृष्ण, हर-हर महादेव और जय श्रीराम के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच प्रारंभ हुई शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कथा स्थल पहुंची, जहां विधि-विधान से कलश स्थापना कर श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ किया गया। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया तथा शीतल पेय एवं प्रसाद वितरण की व्यवस्था की।
आयोजन में चित्रकूट धाम के राजगुरु स्वामी श्री बदरीप्रपन्नाचार्य जी महाराज कथा वाचन कर रहे हैं। उन्होंने अपने प्रवचन में कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि मानव जीवन को संस्कार, सदाचार, भक्ति और ईश्वर से जोड़ने का दिव्य माध्यम है। यह धार्मिक आयोजन वैकुंठवासी स्वर्गीय भगवान दास दुबे की वार्षिक श्राद्ध वर्षी के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। कथा 7 से 14 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन सायं 4 बजे से हरि इच्छा तक चलेगी। कथा के अंतर्गत विभिन्न दिनों में ध्रुव चरित्र, प्रह्लाद चरित्र, वामन अवतार, रामचरित्र, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, गोवर्धन उत्सव, श्रीकृष्ण-रुक्मिणी विवाह तथा सुदामा चरित्र सहित अनेक प्रसंगों का वर्णन होगा।
14 अगस्त को प्रातः कन्या भोजन तथा दोपहर में ब्राह्मण भोजन एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति ने सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से सपरिवार कथा श्रवण एवं भंडारे में सहभागिता कर धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की है। इस अवसर पर पं. राजेश दुबे, पं. रमेश दुबे (अन्नू), पं. अनिल दुबे (पप्पू), पं. नीरज दुबे (नीटू) सहित समस्त दुबे परिवार, बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्त एवं महिलाओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!