बूंदों ने नहीं रोका देशभक्ति का सैलाब, तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब बारिश की फुहारों के बीच गूंजा भारत माता की जय, तिरंगामय हुआ नगर

0

बूंदों ने नहीं रोका देशभक्ति का सैलाब, तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
बारिश की फुहारों के बीच गूंजा भारत माता की जय, तिरंगामय हुआ नगर
कटनी।। हर घर तिरंगा अभियान के तहत शुक्रवार को कटनी शहर में भव्य तिरंगा पदयात्रा का आयोजन किया गया। झमाझम बारिश और रिमझिम फुहारों के बीच भी देशभक्ति से ओतप्रोत हजारों नागरिकों, छात्र-छात्राओं, जनप्रतिनिधियों एवं शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। बारिश के बावजूद तिरंगा यात्रा में लोगों का उत्साह देखते ही बनता था और पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।


तिरंगा पदयात्रा का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्टेडियम स्थित फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड से हुआ। खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। इस अवसर पर विधायक मुड़वारा संदीप श्रीप्रसाद जायसवाल, बड़वारा विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह, महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरन प्रीत कौर, वनमंडलाधिकारी गर्वित गंगवार, अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा, प्रदेश भाजपा महामंत्री राहुल कोठारी, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, निगमाध्यक्ष मनीष पाठक सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और नागरिक मौजूद रहे।
यात्रा फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड से प्रारंभ होकर स्टेट बैंक तिराहा, गांधी द्वार, जैन मंदिर, खेरमाई मंदिर, घंटाघर, सराफा कपड़ा बाजार, सुभाष चौक और मोहन टॉकीज होते हुए वापस फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड पहुंची। यहां तिरंगा यात्रा का समापन हुआ तथा राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया गया।
तिरंगा यात्रा के दौरान हाथों में लहराते राष्ट्रीय ध्वज, भारत माता और अमर शहीदों के जयघोष तथा बैंड-बाजों की धुनों से पूरा शहर गूंज उठा। ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों ने वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।
बारिश के बीच भी हजारों लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। तिरंगे के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रहे लोगों ने यह संदेश दिया कि देशभक्ति का जज्बा मौसम की चुनौती से कहीं अधिक मजबूत है। विशाल तिरंगा यात्रा ने जन-जन में राष्ट्रप्रेम, एकता और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed