कामकाजी महिलाओं के लिए राहत की खबर, अब निगम देगा नन्हे बच्चों की जिम्मेदारी ‘पालन घर’ की शुरुआत, 2 से 6 वर्ष तक के बच्चों को मिलेगा सुरक्षित, स्नेहपूर्ण और सीखने का माहौल महापौर प्रीति संजीव सूरी ने किया शुभारंभ, खेल-खेल में बच्चों के सर्वांगीण विकास की होगी व्यवस्था

0

कामकाजी महिलाओं के लिए राहत की खबर, अब निगम देगा नन्हे बच्चों की जिम्मेदारी
‘पालन घर’ की शुरुआत, 2 से 6 वर्ष तक के बच्चों को मिलेगा सुरक्षित, स्नेहपूर्ण और सीखने का माहौल
महापौर प्रीति संजीव सूरी ने किया शुभारंभ, खेल-खेल में बच्चों के सर्वांगीण विकास की होगी व्यवस्था
कटनी। कामकाजी महिलाओं के सामने सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक छोटे बच्चों की सुरक्षित देखभाल की होती है। इसी चिंता को कम करने की दिशा में नगर पालिक निगम कटनी ने महत्वपूर्ण पहल करते हुए टी.सी. बाजार स्कूल परिसर में ‘पालन घर’ की शुरुआत की है। मंगलवार को महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने विधिवत शुभारंभ किया।
इस पहल से उन कामकाजी महिलाओं और अभिभावकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, जिन्हें नौकरी या अन्य कार्यों के दौरान अपने 2 से 6 वर्ष तक के बच्चों की देखभाल को लेकर चिंता रहती है। अब वे अपने बच्चों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण में छोड़कर अपने कार्यों पर अधिक निश्चिंत होकर ध्यान दे सकेंगे।


खेल के साथ सीखेंगे, स्नेह के साथ बढ़ेंगे
पालन घर में बच्चों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और आनंदमय वातावरण तैयार किया गया है। बच्चों की उम्र और रुचि के अनुरूप खेल सामग्री, शैक्षणिक गतिविधियां और रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके माध्यम से बच्चों के मानसिक, शारीरिक, सामाजिक और भावनात्मक विकास पर ध्यान दिया जाएगा।
बच्चों को पौष्टिक आहार, उचित देखभाल और प्रशिक्षित स्टाफ की निगरानी में रहने की सुविधा मिलेगी। खेल-खेल में सीखने और अपनी प्रतिभा को निखारने के अवसर भी बच्चों को उपलब्ध कराए जाएंगे।


मां के लिए काम की चिंता कम, बच्चे की देखभाल की जिम्मेदारी सुरक्षित हाथों में
कामकाजी महिलाओं के लिए यह पहल इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि छोटे बच्चों की देखभाल की चिंता अक्सर उनके काम और करियर के बीच बड़ी चुनौती बन जाती है। पालन घर ऐसी महिलाओं को अपने काम पर ध्यान केंद्रित करने का अवसर देगा, जबकि उनके बच्चे दिन के समय सुरक्षित वातावरण में देखभाल और गतिविधियों से जुड़े रहेंगे।
बच्चों के भविष्य की मजबूत नींव
निगमायुक्त तपस्या परिहार की पहल पर शुरू की गई इस सुविधा का उद्देश्य बच्चों को प्रारंभिक अवस्था से ही ऐसा वातावरण देना है, जहां वे खेलें, सीखें, घुलें-मिलें और अपनी प्रतिभा विकसित करें। स्नेहपूर्ण देखभाल के साथ होने वाली गतिविधियां बच्चों के व्यक्तित्व विकास की मजबूत नींव तैयार करने में सहायक होंगी। महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि बच्चों की सुरक्षित देखभाल और उनके बेहतर भविष्य की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है। निगम की यह व्यवस्था कामकाजी अभिभावकों की सुविधा के साथ-साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास को भी प्राथमिकता देती है।
शुभारंभ अवसर पर उपायुक्त प्रियंका झरिया, एमआईसी सदस्य सुरेंद्र गुप्ता, पार्षद वंदना यादव, एल्डरमैन नरेश अग्रवाल, शोभा कुरील, सहायक यंत्री आदेश जैन, उपयंत्री शैलेन्द्र प्यासी सहित निगम अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed