जिले भर में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां आजादी का पर्व स्‍वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में कलेक्‍टर श्री तिवारी ने किया ध्वजारोहण आन-बान-शान से लहराया तिरंगा

0

जिले भर में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां आजादी का पर्व
स्‍वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में कलेक्‍टर श्री तिवारी ने किया ध्वजारोहण
आन-बान-शान से लहराया तिरंगा


कटनी।। देश की स्वतंत्रता का 80वां पर्व 15 अगस्त को जिले भर में हर्षोल्लास, धूमधाम और उत्साह से मनाया गया। स्वतंत्रता दिवस पर जिले का मुख्य समारोह जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन ग्राउंड झिंझरी में आयोजित किया गया। जहां भव्य एवं गरिमामय समारोह में मुख्‍य अतिथि के तौर पर कलेक्‍टर श्री आशीष तिवारी ने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली।
ध्वजारोहण के उपरांत मुख्य अतिथि कलेक्‍टर श्री तिवारी ने खुली सफेद जिप्सी में पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्‍वकर्मा के साथ परेड का निरीक्षण किया। सशस्त्र बलों द्वारा हर्ष फायर किया गया और पुलिस बैंड ने राष्ट्रगान की धुन बजाई। कलेक्‍टर श्री तिवारी ने तिरंगे के तीन रंगों के गुब्‍बारे गगन में मुक्त किए। कार्यक्रम के दौरान मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव के स्‍वतंत्रता दिवस पर संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। इसके लिए पुलिस लाइन मैदान में बड़े-बड़े एलईडी स्‍क्रीन लगाये गये थे। इसके बाद कलेक्‍टर श्री तिवारी द्वारा जिले की उपलब्धियों का लिखित बधाई संदेश का वाचन किया गया। समारोह में सुरक्षा बलों द्वारा आकर्षक और शानदार मार्च पास्ट प्रस्तुत किया गया।

परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक श्री संजीव कुमार रावत और सेकेण्‍ड इन कमांडर रक्षित निरीक्षक श्रीमती अंजू लकड़ा के नेतृत्व में विशेष सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल (पुरुष),  जिला पुलिस बल (महिला), जिला होमगार्ड बल, शासकीय कन्या महाविद्यालय की एनसीसी गर्ल्स, वार्डस्ले स्कूल एनसीसी, सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, वार्डस्ले सीनियर सेकेंडरी इंग्लिश मीडियम स्कूल, शासकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल माधवनगर के स्कूल के स्काउट एवं गाइड्स सहित पुलिस बैंड दल, शौर्य दल शामिल रहे।
उत्कृष्ट परेड पर ये हुए पुरस्कृत
समारोह स्थल में निर्णायक मंडल द्वारा दिये गए निर्णय के आधार पर परेड ग्रुप ए में जिला पुलिस बल (महिला) को प्रथम, जिला पुलिस बल (पुरूष) एवं जिला होमगार्ड को संयुक्‍त रूप से द्वितीय एवं विशेष सशस्‍त्र पुलिस बल को तृतीय स्‍थान मिला। वहीं परेड ग्रुप बी में सांदीपनि शासकीय उच्‍चतर माध्‍यमिक विद्यालय, झिंझरी के ब्‍यॉयज स्‍काउट दल को प्रथम,  शासकीय उत्‍कृष्‍ट उच्‍चतर माध्‍यमिक विद्यालय माधवनगर के ब्‍यॉयज स्‍काउट दल को द्वितीय एवं वार्डस्‍ले इंग्लिश मीडियम सीनियर सेकेण्‍डरी स्‍कूल की गर्ल्‍स गाइड को तृतीय स्‍थान मिला।

आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति
स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी गईं। छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किए गए सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल द्वारा समूह नृत्‍य प्रतियोगिता में आदिवासी कन्‍या शिक्षा परिसर सरसवाही को प्रथम स्‍थान, वार्डस्‍ले इंग्लिस मीडियम स्‍कूल को द्वितीय स्‍थान और सांदीपनि उच्चतर माध्‍यमिक विद्यालय झिंझरी को तृतीय स्‍थान मिला।

लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान
स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में कलेक्‍टर श्री तिवारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवारजनों तथा लोकतंत्र सेनानियों से परिचय प्राप्‍त कर उनका सम्मान किया। इस अवसर पर कलेक्‍टर ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों और लोकतंत्र सेनानियों की कुशलक्षेम जानी।
उत्कृष्ट कार्य के लिए अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में कलेक्‍टर श्री तिवारी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले और शासकीय योजनाओं और कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में उल्लेखनीय उपलब्धि अर्जित करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
शौर्य स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित
स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह के कार्यक्रम के समापन के बाद कलेक्‍टर श्री तिवारी और पुलिस अधीक्षक श्री विश्‍वकर्मा ने झिंझरी स्थित अमर शहीदों के शौर्य स्मारक में पहुंच कर श्रद्धा सुमन अर्पित कर शहीदों के बलिदान का पुण्य स्मरण किया। कार्यक्रम का शुभारंभ सांदीपनि उच्‍चतर माध्‍यमिक विद्यालय के छात्रों द्वारा राष्‍ट्र गीत वंदेमातरम के गायन के साथ हुआ। इसके पश्‍चात कलेक्‍टर श्री तिवारी द्वारा ध्‍वजारोहण किया गया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्‍ठ व्‍याख्‍याता श्री राजेन्‍द्र असाटी ने किया।
ये रहे मौजूद
स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में विधायक मुड़वारा श्री संदीप जायसवाल,  निगमाध्यक्ष श्री मनीष पाठक, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर, निगमायुक्‍त तपस्‍या परिहार, अपर कलेक्‍टर श्री नीलाम्बर मिश्रा, अतिरिक्‍त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री दीपक टंडन सोनी, रामरतन पायल सहित पार्षद और बड़ी संख्या में गणमान्य जन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed