बिहान समूह की महिलाओं ने केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू को भेंट किया विष्णुभोग चावल और विशेष राखी
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, 18 अगस्त 2026/कलेक्ट्रेट के अरपा सभा कक्ष में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक के बाद केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू को बिहान समूह की महिलाओं द्वारा उत्पादित विष्णुभोग चावल एवं विष्णुभोग धान से निर्मित विशेष राखी भेंट की गई। स्थानीय उत्पादों में महिलाओं की रचनात्मकता और स्वावलंबन की पहल को देखते हुए श्री साहू ने बिहान समूह की महिलाओं की सराहना की। विष्णुभोग धान से तैयार की गई राखी जिले की स्थानीय पहचान, महिला सशक्तिकरण एवं आजीविका संवर्धन का अभिनव उदाहरण है। बिहान से जुड़ी महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा स्थानीय संसाधनों का उपयोग कर विभिन्न उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं, जिससे महिलाओं को रोजगार के साथ अतिरिक्त आय का अवसर मिल रहा है। इस अवसर पर विधायक कोटा श्री अटल श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री समीरा पैकरा, कलेक्टर श्री विजय दयाराम के., जिला पंचायत सीईओ श्री मुकेश रावटे सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।