बीच सड़क युवक पर बरसे लाठी-डंडे; वीडियो वायरल होने के बाद FIR
बीच सड़क युवक पर बरसे लाठी-डंडे; वीडियो वायरल होने के बाद FIR

कटनी।। माधवनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत झिंझरी चौकी क्षेत्र के ग्राम गनियारी में उधारी में सामान देने से इनकार करने पर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। विवाद के दौरान बीच सड़क एक युवक को घेरकर लाठी-डंडों से मारपीट किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर क्रॉस FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम गनियारी स्थित एक किराना दुकान पर विक्रम नामक युवक सामान लेने पहुंचा था। दुकान पर मौजूद आकाश बर्मन ने कथित तौर पर उधारी में सामान देने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर विक्रम ने आकाश के साथ हाथापाई की और उसे थप्पड़ मार दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया और मामला हिंसक रूप ले बैठा। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद आकाश के पक्ष से प्रेमलाल बर्मन, उसके परिजन और अन्य लोग मौके पर पहुंचे। आरोप है कि इसके बाद विक्रम को बीच सड़क पर घेर लिया गया और उसके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई। मारपीट के दौरान सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसी दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
मामले में झिंझरी पुलिस चौकी ने शुरुआत में एक पक्ष की शिकायत पर विक्रम और मोनू तिवारी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था। वहीं, मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने तथा विक्रम की शिकायत के बाद पुलिस ने दूसरे पक्ष के प्रेमलाल, आकाश, विजय और विशाल बर्मन के खिलाफ भी विभिन्न धाराओं के तहत काउंटर FIR दर्ज की है। पुलिस द्वारा वायरल वीडियो सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों की शिकायतों और घटनाक्रम की जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। बीच सड़क हिंसक मारपीट का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बना हुआ है।