पारिवारिक विवाद से लेकर साइबर फ्रॉड और जमीन धोखाधड़ी तक के मामलों पर हुई सुनवाई, संबंधित अधिकारियों को प्रभावी निराकरण के निर्देश

0

पारिवारिक विवाद से लेकर साइबर फ्रॉड और जमीन धोखाधड़ी तक के मामलों पर हुई सुनवाई, संबंधित अधिकारियों को प्रभावी निराकरण के निर्देश
कटनी।। आमजन की शिकायतों के त्वरित निराकरण और उनकी समस्याओं के प्रभावी समाधान के उद्देश्य से प्रत्येक मंगलवार आयोजित होने वाली जनसुनवाई के तहत पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। दिनांक 01 सितंबर 2026 को आयोजित जनसुनवाई में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने स्वयं आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उनके उचित एवं शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में विभिन्न प्रकार की समस्याएं लेकर पहुंचे आवेदकों ने पुलिस अधीक्षक के समक्ष अपनी शिकायतें और परेशानियां रखीं। पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक आवेदक की बात को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में प्रमुख रूप से पति-पत्नी एवं बेटा-बहू के बीच पारिवारिक विवाद, आपसी मतभेद, साइबर एवं फाइनेंशियल फ्रॉड, पुलिस स्तर पर सुनवाई नहीं होने संबंधी शिकायतें, प्लॉट एवं मकान से जुड़े विवाद, जमीन संबंधी धोखाधड़ी, महिला अपराध तथा अन्य पुलिस संबंधी प्रकरण सामने आए। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने जनसुनवाई में पहुंचे प्रत्येक आवेदक की व्यक्तिगत समस्याओं और व्यथा को ध्यानपूर्वक सुना। कई मामलों में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए, जबकि कुछ प्रकरणों में संबंधित थाना प्रभारियों एवं अधिकारियों से फोन पर चर्चा कर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनकी जांच एवं निराकरण में अनावश्यक विलंब न किया जाए। प्रत्येक मामले में तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई करते हुए पीड़ितों को समय पर राहत उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएं।


साइबर और आर्थिक धोखाधड़ी के मामलों पर भी रहा फोकस
जनसुनवाई में साइबर एवं फाइनेंशियल फ्रॉड से जुड़े मामलों को लेकर भी शिकायतें सामने आईं। ऐसे मामलों में पीड़ितों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने तथा आवश्यक तकनीकी एवं कानूनी प्रक्रिया अपनाते हुए प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। वहीं प्लॉट, मकान और जमीन संबंधी धोखाधड़ी के मामलों में भी शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनी गईं और प्रकरणों की जांच कर कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पति-पत्नी, बेटा-बहू और अन्य पारिवारिक संबंधों से जुड़े विवादों को भी जनसुनवाई में प्रमुखता से सुना गया। पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को ऐसे मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने तथा दोनों पक्षों की बात सुनकर कानूनसम्मत और उचित समाधान के हरसंभव प्रयास करने के निर्देश दिए।
महिला अपराध से जुड़े मामलों में भी शिकायतकर्ताओं को न्याय दिलाने और आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
सुरक्षा, न्याय और अधिकारों के संरक्षण के लिए कटनी पुलिस प्रतिबद्ध जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने आमजन को आश्वस्त किया कि कटनी पुलिस नागरिकों की सुरक्षा, न्याय और उनके अधिकारों के संरक्षण के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आम नागरिक अपनी समस्याओं को लेकर पुलिस के समक्ष निसंकोच पहुंच सकते हैं और प्रत्येक शिकायत पर नियमानुसार उचित कार्रवाई एवं समाधान के हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। आयोजित जनसुनवाई एक बार फिर आम नागरिकों और पुलिस प्रशासन के बीच सीधे संवाद का माध्यम बनी, जहां लोगों को अपनी समस्याएं सीधे पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखने का अवसर मिला। पुलिस प्रशासन द्वारा शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को दिए गए निर्देशों से आवेदकों को शीघ्र समाधान की उम्मीद जगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed